Home » Ranchi Ram Navami: रामनवमी को लेकर रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी ने शांति व सुरक्षा को ले दिए कई निर्देश

Ranchi Ram Navami: रामनवमी को लेकर रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी ने शांति व सुरक्षा को ले दिए कई निर्देश

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। रामनवमी पर्व को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार देर रात पुलिस मुख्यालय स्तर पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे शहर की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने की। इस दौरान उन्होंने सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।

डीजीपी ने जुलूस और शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन करने पर भी जोर दिया। साथ ही, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा जाए और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रहना चाहिए।

कहा- अफवाह या भ्रामक जानकारी पर तुरंत करें कार्रवाई

सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निगरानी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि माहौल खराब न हो। साइबर टीमों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।

बैठक में एडीजी सीआईडी सह रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक, एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर समेत जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Read Also: Garhwa Ramnavami : रामनवमी जुलूस मार्ग को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, खूब लगे धार्मिक नारे, प्रशासन चौकस


Related Articles

Leave a Comment