RANCHI : रामनवमी पर्व को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 26, 27 और 28 मार्च को शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पर्व के दौरान निकलने वाली शोभा यात्राओं, झांकियों और विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक और डायवर्जन लागू रहेगा।
26 मार्च को रहेगा प्रतिबंध
26 मार्च को शहर के विभिन्न अखाड़ों से संध्या के समय झांकियां निकाली जाएंगी। इस दौरान शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बंद रहेगा। किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक, सुभाष चौक और सुजाता चौक जैसे प्रमुख इलाकों में ऑटो, टोटो और नगर निगम की बसों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा।
27 मार्च को मुख्य जुलूस
27 मार्च को रामनवमी का मुख्य जुलूस निकाला जाएगा, जिसे लेकर ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। इस दिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन, ऑटो और टोटो का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
इस दौरान किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, शहीद चौक, कचहरी चौक, जेल चौक, कमिश्नर चौक, रेडियम चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, मेन रोड, चर्च रोड, कर्बला चौक, सुजाता चौक, चुटिया बाजार, राजेंद्र चौक, पिस्का मोड़ और रातु रोड सहित कई क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।
28 मार्च को विसर्जन जुलूस
28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन के मद्देनजर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। विसर्जन जुलूस के रूट पर आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है, जिससे कि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

