रांची। राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुन्ना जयसवाल, उमंग साहू और सुजल कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक सोने की चेन, एक अंगूठी, एक झुमका सेट, दो जोड़ी कान के बालियां और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। विशेष बात यह है कि सभी सोने के जेवरात मुन्ना जयसवाल के पास से बरामद हुए हैं।
नाबालिग व एक आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक रिकार्ड
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुन्ना जयसवाल और एक नाबालिग के खिलाफ पहले से ही चुटिया थाना में मामले दर्ज हैं। इससे उनके आपराधिक गतिविधियों में पहले से संलिप्त रहने की पुष्टि होती है।
बताया जाता है कि 25 मार्च को लालपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपितों तक पहुंच बनाई और पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अन्य किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।
Read Also: Indian Railway: जसीडीह और बांका के बीच चलेगी नई मेमू स्पेशल ट्रेन, ये है समय सारिणी

