RANCHI: रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर रांची शहर के लिए यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध खाली स्थान को आम लोगों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिसके तहत कॉरिडोर के नीचे खाली पड़ी जगह को कई तरह से उपयोग में लाया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ ने एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों और झारखंड ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों के साथ ओटीसी ग्राउंड की ओर एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संजय सेठ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर, इंडोर गेम्स सेंटर, पार्क और ओपन जिम का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां आसपास के बच्चों को खेलों के माध्यम से प्रशिक्षित करने की व्यवस्था की जाए, ताकि वे नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ सकें। साथ ही बुजुर्गों के लिए मॉर्निंग वॉक और युवाओं के लिए जिम की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कॉरिडोर के नीचे आमजनों की सुगम आवाजाही के लिए क्रॉसिंग रोड के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया, जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा नागा बाबा खटाल और लोक भवन के पास बने एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे खाली स्थान का भी अवलोकन किया गया। यहां भी जनहित में ओपन जिम, पार्क और पार्किंग के निर्माण पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये सभी योजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरेंगी और शहरवासियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

