Jamshedpur : सुंदरनगर थाना क्षेत्र में कुदादा के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक ड्राइवर को बंधक बना लिया। उसकी जमकर धुनाई की। बाद में पुलिस पहुंची तो ट्रक ड्राइवर को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिस्कू और केडो गांव के रहने वाले थे किशोर
ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि जिन दो किशोरों की मौत हुई है, उनमें से एक हिस्कू गांव का रहने वाला था। इस किशोर का नाम दुर्गा हेंब्रम है। उसकी उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है। दूसरा किशोर केडो गांव का रहने वाला मार्शल सोरेन था। उसकी उम्र 15 साल बताई जा रही है।
भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को ग्रामीणों ने दबोचा
बताते हैं कि दोनों किशोर हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक से किसी काम से जा रहे थे। तभी कुदादा के पास यह दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार तरीके से टक्कर मारी की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। दोनों किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। हादसे की खबर फैलते ही इलाके के लोग मौके पर जमा हो गए। ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की। लेकिन, लोगों ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों की मांग है कि ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए दोनों शव
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर स्थिति को काबू में किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।

