Home » समोसा विवाद पड़ा महंगा-जान तक गंवानी पड़ी, हत्या की वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश

समोसा विवाद पड़ा महंगा-जान तक गंवानी पड़ी, हत्या की वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश

दो-तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर रवि की बेरहमी से पिटाई की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना (बिहार): पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में समोसा खरीदने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 22 वर्षीय रवि कुमार की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

खुसरूपुर में युवक की हत्या : समोसा विवाद बना जानलेवा

जानकारी के अनुसार, मृतक रवि कुमार, श्याम बाबू गोप का पुत्र था। 16 मई को बैकटपुर मंदिर के बाहर समोसा-मिठाई की दुकान चलाने वाले दुकानदार बालेश्वर राय से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालेश्वर राय ने दो-तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर रवि की बेरहमी से पिटाई की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। खासकर सिर पर लगी चोट की वजह से उसकी हालत नाजुक हो गई। इलाज के दौरान रवि की मौत हो गई।

हत्या के विरोध में सड़क जाम, ग्रामीणों में आक्रोश

हत्या की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रवि कुमार का शव पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर रखकर घंटों जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता प्रदान की जाए।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

खुसरूपुर थाना की पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी बालेश्वर राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

परिजनों का आरोप : पूर्व से चल रहा था विवाद

मृतक के परिजनों ने बताया कि बालेश्वर राय से रवि कुमार का पुराना विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि समोसा विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी एक कारण हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles