Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित पिल्लई सभागार में नीति आयोग, नई दिल्ली के निर्देशन में संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिलास्तरीय संपूर्णता अभियान 2.0 के शुभारंभ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने की। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती, जिला योजना पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हंसदा सहित आकांक्षी फेलो, टीआरआईएफ, टाटा स्टील फाउंडेशन, यूनिसेफ, एकजूट संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में जानकारी दी गई कि संपूर्णता अभियान नीति आयोग द्वारा प्रारंभ किया गया है। यह अभियान तीन माह का राष्ट्रव्यापी अभियान है, जो पश्चिमी सिंहभूम आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड टोंटो एवं गुदड़ी में 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, कृषि एवं पशुपालन विभाग की सहभागिता से जिला स्तर पर पांच तथा प्रखंड स्तर पर छह प्रमुख संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति पर केंद्रित रहेगा। अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सार्वजनिक सेवाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना तथा परिणामोन्मुखी शासन को बढ़ावा देना है।
समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि संपूर्णता अभियान का मुख्य मकसद प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अभियान का फोकस स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, शिक्षा, पशु टीकाकरण, कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर रहेगा। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला के अंतर्गत स्वास्थ्य प्रणाली, रोग निगरानी, स्वच्छता जागरूकता एवं शिक्षा ढांचे से जुड़े संकेतकों तथा आकांक्षी प्रखंड के अंतर्गत बाल स्वास्थ्य, स्वच्छता, विद्यालय उपस्थिति एवं ग्रामीण आजीविका जैसे संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से प्राप्त किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने संपूर्णता अभियान के सभी संकेतकों की शत-प्रतिशत पूर्ति करने तथा जिला एवं प्रखंड को स्वस्थ, समर्थ, समृद्ध एवं प्रेरणादायक बनाने की दिशा में कार्य करने की शपथ ली। साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर संचालित कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी, श्रेष्ठ प्रथाओं के संस्थागतकरण, विभागीय अभिसरण को सुदृढ़ करने, जनभागीदारी, नवाचार एवं परस्पर सीख को बढ़ावा देने तथा व्यापक जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
Read Also: Hazaribag News: नगर पालिका चुनाव को लेकर मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले हजारीबाग में रहेगा ड्राई डे

