जमशेदपुर/SDO’s Inspection: नक्शा विचलन को लेकर झारखंड हाई कोर्ट की सख्ती को देखते हुए एसडीओ धालभूम पारुल सिंह ने मंगलवार को स्वयं निरीक्षण किया। वहां की स्थिति देख एसडीओ ने अक्षेस से कहा कि 48 घंटे के अंदर होटल सेंटर प्वाइंट और दयाल इंटरनेशनल की पार्किंग को समतल करें, ताकि गाड़ियां आसानी से अंदर जा सकें। 

एसडीओ ने कहा कि जमशेदपुर अक्षेस के अभियंता को हाई कोर्ट के आदेश की कोई परवाह नहीं है। हाल के दिनों में अक्षेस ने साकची-बिष्टुपुर के व्यावसायिक प्रतिष्ठान व माल के बेसमेंट को खाली कराने का दावा किया था। अक्षेस के दावों की कलई मंगलवार को उस समय खुल गई, जब एसडीओ पारूल सिंह इन भवनों की जांच करने के लिए पहुंची। जांच के दौरान एसडीओ ने जमशेदपुर अक्षेस के सहायक अभियंता संजय सिंह व एमके प्रधान को बुला लिया था। एसडीओ ने 3 भवन के बेसमेंट-पार्किग की जांच की। जांच में एसडीओ को पता चला कि अक्षेस के अभियंताओं ने उनकी आंख में भी धूल झोंका है।
एसडीओ ने मौके पर दोनों अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई। बाद में इन दोनों सहायक अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस एसडीओ ने जारी कर जवाब तलब किया है और 4 भवन के बेसमेंट -पार्किग एरिया को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश दिया है। एसडीओ ने दंडाधिकारी की तत्काल प्रतिनियुक्ति की ताकि इन भवनों बेसमेंट-पार्किग को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।
यहां बता दें कि इस मामले पर 13 जून को एसडीओ को हाई कोर्ट में शपथ पत्र देना है कि अभी तक कितने भवनों से बेसमेंट-पार्किग एरिया को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। एसडीओ बुधवार को भी इन तीनों भवन की जांच करेंगी।
SDO’s Inspection: सेंटर प्वाइंट का सिर्फ शेड तोड़ा गया था
एसडीओ सबसे पहले बिष्टुपुर स्थित सेंटर प्वाइंट होटल पहुंचीं, जहां उन्ह्रोंने देखा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ शेड तोड़ा गया था। एसडीओ ने दोनों अभियंताओं को पूरे भवन का नक्शा उपलब्ध कराने का आदेश दिया, ताकि तकनीकी जानकारों की सहायता से यहां पार्किग की उचित व्यवस्था हो सके, सिर्फ खानापूर्ति नहीं हो।
SDO’s Inspection: दयाल इंटरनेशनल में चल रहा था किचन
एसडीओ जब साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल पहुंचीं, तो देखा कि बेसमेंट में पहले की तरह किचन चल रहा था, जबकि होटल के बाहर पार्किंग का बड़ा सा बोर्ड लगा था।
एसडीओ ने यहां भी दोनों अभियंता को खूब फटकारा। दोनों अभियंताओं से कहा कि 24 घंटे के अंदर होटल दयाल इंटरनेशनल के बेसमेंट में व्यवस्थित पार्किग की व्यवस्था हो जानी चाहिए। एसडीओ ने बताया कि होटल दयाल इंटरनेशनल के मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह के खिलाफ नगरपालिका अधिनियम की अवहेलना करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
SDO’s Inspection: दो अन्य भवनों के बेसमेंट में चल रही थी दुकान
एसएनपी एरिया के दो अन्य भवन की भी एसडीओ ने जांच की। वहां पाया कि प्लाट नंबर 101-102 के बेसमेंट और बाहरी हिस्से दुकानें चल रही थीं। एसडीओ ने दुकान पाए जाने पर दोनों अभियंताओं को फटकार लगाते हुए भवन मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
Read also:- अंबुजा और एसीसी को मिला ‘बेस्ट कस्टमर सर्विस’ अवार्ड

