सेंट्रल डेस्क : मीठी-मीठी जलेबी तो सबने खा ली, इस पर गाने भी बन गए, लेकिन अब इस रसीली जलेबी की राजनीति में भी लगातार आवभगत हो रही है। चुनाव जीतते-जीतते हारने की खुशी में भी अब लड्डू की जगह जलेबियां बांटी जा रही हैं। हरियाणा में शुरूआती रूझान में जब कांग्रेस जीतने लगी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के बाहर जलेबियां बांटी जा रही थीं।
हरियाणा चुनाव के परिणाम ने तमाम एग्जिट पोल को फेल कर दिया है। कांग्रेस आश्वस्त थी कि वो हरियाणा चुनाव जीतेगी और जलेबियां बांटी जाएंगी। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा भी था कि थोड़ा इंतजार करिए, लड्डू-जलेबी सब बांटी जाएंगी। हम पीएम को भी जलेबियां भेजेंगे।
आलू के बाद अब जलेबी की फैक्ट्री
ये जलेबी हरियाणा चुनाव प्रचार के दौरान ट्रेंड करने लगी थी, जब राहुल गांधी गोहाना विधानसभा क्षेत्र में रैली के दौरान मंच पर जलेबी का डिब्बा लेकर आए। जलेबी के डिब्बे को जनता को दिखाते हुए उन्होंने बड़े-बड़े वादे किए। मंच पर वो डिब्बा लहराते हुए कह रहे थे कि इससे आपको पूरे हरियाणा की हालत का पता चल जाएगा। कहा कि मैंने जलेबी खाते ही अपनी बहन प्रियंका को मैसेज किया कि यह मेरे जीवन की सबसे अच्छी जलेबी है। इसके बाद जलेबी को इंटरनेशनल बाजार में बेचने तक की बात कह दी। राहुल ने यह भी कहा कि यदि यह जलेबी किसी बड़ी फैक्ट्री में बने,तो कितने लोगों को रोजगार मिल सकता है। लेकिन राहुल की जलेबी फीकी पड़ गई और बीजेपी ने जलेबियां बांट दीं।
मोदी ने भी जलेबी पर ली चुटकी
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव प्रचार के दौरान राहुल के इस जलेबी एजेंडे पर कहा था कि ये झूठ की नई जलेबियां बांटने से पहले जरा पुराना हिसाब तो दे दो। राहुल गांधी का जलेबी वाला बयान खूब ट्रेंड हुआ। मीम्स बने, कार्टून बने औऱ बीजेपी ने भी इसे खूब भुनाया।
राहुल की जलेबी बीजेपी को स्वाद दे गई
ये जलेबी ट्रेंड राहुल गांधी ने कराया, पर स्वाद बीजेपी ले रही है। हरियाणा के किसान, जवान और पहलवानों ने लोकसभा चुनाव के बाद भूल सुधार कर ली। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि कांग्रेस का ओवर कॉन्फिडेंस ही उसे हरा दिया।
जलेबी नहीं जलेबा है ये
दरअसल यह जलेबी 70 साल पुरानी मातुराम की जलेबा है, जो साइज में नॉर्मल जलेबी से बड़ी है यानी एक जलेबी 250 ग्राम की। एक हफ्ते तक यह खराब नहीं होती और हफ्तों तक यह करारी बनी रहती है। 100 प्रतिशत शुद्ध देशी घी में बनी जलेबी इस बार के हरियाणा परिणाम पर छाई रही। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस दुकान पर जलेबी खाई थी और तारीफ की थी।
Read Also: Rahul Gandhi ने कहा सत्ता में आये तो अग्निवीर योजना को कचरे में फेकेंगे

