
चाईबासा : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की गुवा माइंस प्रबंधन ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत एक सराहनीय कदम उठाया है। क्षेत्र की 10 ग्रामीण युवतियों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण के लिए चुना गया है। ये सभी छात्राएं ओडिशा के राउरकेला में रहकर अपनी पढ़ाई और ट्रेनिंग पूरी करेंगी।
8 युवतियां सीएसआर गांवों की और 2 गुवा से
सेल प्रबंधन के अनुसार, चयनित 10 युवतियों में से 8 सीएसआर की परिधि में आने वाले आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की हैं, जबकि 2 युवतियां गुवा गांव की निवासी हैं।
प्रशिक्षण के लिए चुनी गई युवतियों के नाम
सोनाली सांडिल, बेंजो बालमुचू, संगीता सांडिल बलमा पूर्ति, गुरुवारी सिद्धू, पन्मई अंगरिया, शिवानी कुमारी दास, वर्षा सुनी, सुकन्या गोच्छाईत और माही कुमारी गुप्ता शामिल हैं।
अनुशासन और मेहनत से पढ़ाई करने की अपील
छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) सी.बी. कुमार ने सभी चयनित युवतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह नर्सिंग प्रशिक्षण युवतियों को न केवल रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य सेवा के जरिए समाज सेवा का मौका भी देगा। उन्होंने छात्राओं से ट्रेनिंग के दौरान पूरे अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ शिक्षा प्राप्त करने की बात कही।
कार्यक्रम में अधिकारियों की मौजूदगी
इस विशेष अवसर पर सेल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महाप्रबंधक सुमन कुमार, सीजीएम एचआर डी. सतपति, महाप्रबंधक एचआर प्रवीण कुमार सिंह और डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार प्रमुख हैं।
ग्रामीणों और परिजनों में खुशी की लहर
सेल की इस कल्याणकारी पहल से चयनित युवतियों के साथ-साथ उनके परिजनों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने सेल गुवा प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का सही मार्ग मिलेगा।

