Home » Chaibasa News : जल, जंगल, जमीन के महानायक शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा का अनावरण, सांसद जोबा माझी ने नमन कर दी श्रद्धांजलि

Chaibasa News : जल, जंगल, जमीन के महानायक शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा का अनावरण, सांसद जोबा माझी ने नमन कर दी श्रद्धांजलि

स्टेडियम के निर्माण से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच, आधुनिक सुविधाएं और अनुकूल माहौल मिलेगा- सांसद जोबा माझी

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले अमर शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा का भव्य अनावरण पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत टेन्ड्राउली स्थित हॉकी स्टेडियम परिसर में संपन्न हुआ। इस गरिमामय समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सांसद जोबा माझी ने सर्वप्रथम विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और तत्पश्चात प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

जनता के अधिकारों के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान: सांसद

जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी ने वनांचल में निवास करने वाले आम जनमानस को उनके बुनियादी अधिकारों जल, जंगल और जमीन पर हक दिलाने के लिए निरंतर लंबा संघर्ष किया। लोगों की न्यायप्रिय लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। उनका यह अद्वितीय त्याग और बलिदान सदैव इतिहास के पन्नों में अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

सांसद ने आगे कहा कि शहीद देवेंद्र माझी का सारंडा और पोड़ाहाट क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ एक गहरा आत्मिक लगाव था। वे हमेशा इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और स्थानीय लोगों के अधिकारों को लेकर प्रयासरत एवं चिंतित रहते थे। उनके अधूरे सपनों को पूरा करना और क्षेत्र की जनता की सेवा करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

युवाओं को मिलेगी नई दिशा, उभरेगी खेल प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान टेन्ड्राउली में नवनिर्मित हॉकी स्टेडियम की चर्चा करते हुए सांसद ने इसे ग्रामीण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच, आधुनिक सुविधाएं और अनुकूल माहौल मिलेगा। इससे युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और वे राज्य व देश स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे।

ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में हर्ष की लहर

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी उपस्थित रहे। हॉकी स्टेडियम परिसर में शहीद देवेंद्र माझी की प्रतिमा स्थापित होने पर ग्रामीणों ने अत्यधिक खुशी जताई और इस पहल का स्वागत किया।

Read Also Chaibasa News : सात अक्टूबर को कांग्रेस निकालेगी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च, आम जनता को संवैधानिक अधिकारों के प्रति करेगी जागरूक

Related Articles

Leave a Comment