नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। टेस्ट क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ी, रोहित शर्मा और विराट कोहली, बीते 5-6 दिनों के भीतर टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में भारतीय टेस्ट टीम को नए कप्तान की सख्त जरूरत थी। अब खबर आ रही है कि इस जिम्मेदारी के लिए चयनकर्ताओं की पहली पसंद शुभमन गिल हैं और उनका टेस्ट कप्तान बनना लगभग तय है।
गौतम गंभीर से हुई अहम बैठक
सूत्रों के मुताबिक, बीते वीकेंड पर शुभमन गिल की भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर से मुलाकात हुई। यह मुलाकात लगभग तीन से चार घंटे तक चली, जिससे यह साफ है कि यह कोई सामान्य बैठक नहीं थी। बैठक का एजेंडा पहले से तय था, और इसमें भारतीय क्रिकेट में होने वाले आगामी बदलावों और टेस्ट टीम की भविष्य की रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई।
रोहित-विराट के संन्यास के बाद तेजी से बढ़ी प्रक्रिया
गौरतलब है कि रोहित शर्मा के संन्यास की घोषणा के बाद ही बीसीसीआई को नए कप्तान की तलाश थी। इसके ठीक बाद 12 मई की सुबह विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ऐसे में कप्तानी के विकल्पों में कई नाम सामने आए, लेकिन गंभीर के साथ बैठक के बाद गिल का नाम सबसे आगे निकलकर आया।
टीम इंडिया में गिल का अनुभव
हालांकि शुभमन गिल को अभी तक टेस्ट या वनडे टीम की नियमित कप्तानी का अनुभव नहीं है, लेकिन वह एक टी20 सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्हें सीमित ओवरों के प्रारूप में उपकप्तान भी बनाया गया था।
आईपीएल में भी किया नेतृत्व
शुभमन गिल को 2023 में गुजरात टाइटंस का कप्तान नियुक्त किया गया था, जब हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया। गिल की उम्र उस समय मात्र 24 साल थी, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी। 2024 का सीजन भले ही गुजरात टाइटंस के लिए अच्छा न रहा हो और टीम आठवें स्थान पर रही हो, लेकिन 2025 के आईपीएल में गिल की कप्तानी में टीम फिर से फॉर्म में लौटी है।
2025 में अब तक खेले गए 11 मैचों में गुजरात ने 8 जीत दर्ज की हैं और पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है। इस सीजन में गिल ने बल्ले से भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 508 रन बनाए हैं, जो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव से केवल दो रन पीछे हैं।
गिल के पक्ष में मजबूत तर्क
- शुभमन गिल पिछले 5 वर्षों से टेस्ट टीम का नियमित हिस्सा हैं।
- उन्होंने 5 टेस्ट शतक, 8 वनडे शतक, और 1 टी20 शतक लगाया है।
- केएल राहुल और जसप्रीत बुमराह जैसे दावेदारों की तुलना में गिल दीर्घकालिक विकल्प हैं:
- राहुल की उम्र 33 वर्ष है और वह 4-5 साल से अधिक शायद ही खेल सकें।
- बुमराह की फिटनेस हमेशा चिंता का विषय रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे में उन्होंने आखिरी टेस्ट में गेंदबाजी नहीं की थी और कई अहम टूर्नामेंट मिस किए हैं।
अधिकारिक ऐलान जल्द संभावित
गिल की गंभीर से हुई मुलाकात और उनके नेतृत्व में हालिया प्रदर्शन को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि उन्हें ही भारत का अगला टेस्ट कप्तान बनाया जाएगा। अब सिर्फ औपचारिक घोषणा का इंतजार है, जो जल्द ही बीसीसीआई द्वारा की जा सकती है।

