Home » SR Rungta B-Division League : मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब ने लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को छः विकेट से हराया

SR Rungta B-Division League : मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब ने लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को छः विकेट से हराया

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए दूसरे लीग मैच में मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब ने चक्रधरपुर के लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को छः विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 21.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई। इस टीम की ओर से चिन्मय राय ने 37, विश्वजीत सिंह ने 32 तथा अंकित मिश्रा ने 27 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब की ओर से विशाल कुमार ने 19 रन देकर चार, विघ्नराज सिंह ने 13 रन देकर तीन तथा सिकंदर ने 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेघाहातुबुरू की टीम ने 20.4 ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए प्रवीण साहनी ने सात चौके एवं एक छक्का की मदद से 59 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अन्य बल्लेबाजों में प्रिंस पटेल ने 36, पारी की शुरुआत करने आए ईशान ने 27 तथा अमर ने नाबाद 21 रनों का योगदान दिया। लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए अंजनी कुमार यादव ने 26 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। विश्वजीत सिंह एवं कृष्णा महतो को एक-एक सफलता हाथ लगी।

इससे पूर्व कल जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब एवं देवेंद्र माझी क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर के बीच खेला जाने वाला उद्घाटन मैच 8 अक्तुबर की शाम हुई बारिश के चलते विकेट गीला होने के कारण रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को बराबर-बराबर अंक बांट दिए गए।

इस प्रतियोगिता में कल लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर का मुकाबला नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा से होगा।

Related Articles

Leave a Comment