Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सेंट मैरीज इंग्लिश हाईस्कूल जमशेदपुर में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब परीक्षा में कम अंक आने के कारण करीब 30 छात्रों को स्कूल से टर्मिनेट किए जाने का आरोप सामने आया। इस फैसले के विरोध में छात्रों के अभिभावक स्कूल पहुंच गए और प्रिंसिपल कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए।अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना, चर्चा या मार्गदर्शन के सीधे छात्रों को स्कूल से निकालने का फैसला ले लिया। इससे छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और वे मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वे लगातार स्कूल प्रशासन से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने के लिए कोई आगे नहीं आया। आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल फादर वॉइरन डिसूजा ने भी इस मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और अभिभावकों से मिलने से बचते रहे।स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब नाराज अभिभावक प्रिंसिपल से मिलने के लिए उनके चैंबर के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
इस दौरान कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल सामने आकर बातचीत करने के बजाय पिछले दरवाजे से निकल गए।अभिभावकों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी छात्र को बिना उचित मौका दिए स्कूल से निकालना अन्याय है और इससे उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

