Jamshedpur : जमशेदपुर के बेल्डीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे टाटा ओपन 2025 के फाइनल राउंड से पहले मुकाबला पूरी तरह दो खिलाड़ियों तक सिमट गया है। युवा प्रोफेशनल शुभम जगलान और अनुभवी युवराज संधू 14-अंडर 199 के समान स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त बनाए हुए हैं।21 वर्षीय शुभम जगलान (68-66-65) ने तीसरे दिन शानदार और गलती-रहित छह-अंडर 65 का कार्ड खेलते हुए संयुक्त लीड हासिल की।
इसी साल प्रोफेशनल बने शुभम का यह PGTI टूर पर तीसरा ही टूर्नामेंट है और वह अपने पहले खिताब की तलाश में हैं। इससे पहले चंडीगढ़ में अपने डेब्यू टूर्नामेंट में वह उपविजेता रहे थे।वहीं, चंडीगढ़ के युवराज संधू (67-64-68) ने तीसरे राउंड में तीन-अंडर 68 खेला। छह बार के PGTI विजेता युवराज पहले ही 2025 PGTI ऑर्डर ऑफ मेरिट जीतकर अगले साल के DP वर्ल्ड टूर के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। अब उनकी नजर एक ही सीजन में रिकॉर्ड सातवें खिताब पर टिकी है।
लीडर जोड़ी और बाकी खिलाड़ियों के बीच पांच शॉट का अंतर बन गया है। वीर अहलावत, खालिन जोशी और एन थंगराजा नौ-अंडर 204 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।तीसरे दिन के खेल में शुभम जगलान ने गोलमुरी कोर्स पर फ्रंट-नाइन में तीन बर्डी और एक ईगल लगाकर शानदार शुरुआत की। बेल्डीह कोर्स पर उन्होंने अहम पार-सेव कर लय बरकरार रखी। वहीं युवराज संधू ने पांच बर्डी जरूर लगाए, लेकिन बेल्डीह में कुछ थ्री-पुट्स से स्कोर और बेहतर नहीं हो सका।
इस बीच मनोज एस ने 17वें होल पर होल-इन-वन जमाया और आठ-अंडर 205 के साथ संयुक्त छठे स्थान पर पहुंच गए। जमशेदपुर के एकमात्र स्थानीय प्रोफेशनल कुरुश हीरजी कट में जगह बनाते हुए संयुक्त 51वें स्थान पर रहे।अब सबकी नजर फाइनल राउंड पर टिकी है, जहां झारखंड की धरती पर यह रोमांचक मुकाबला अपने चरम पर पहुंचेगा।

