Jamshedpur : बर्मामाइंस क्षेत्र में टाटा स्टील के एक खाली क्वार्टर को तोड़ने के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक मो. मुन्ना के परिजनों से सोमवार को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मिला। जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार को न्याय और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा क्वार्टर खाली कराने के दौरान किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। न तो क्षेत्र को घेरेबंदी की गई थी, न बिजली काटी गई थी और न ही सुरक्षा कर्मियों की कोई तैनाती थी। इसी लापरवाही का नतीजा था कि दीवार गिरने से मो. मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बर्मामाइंस थाना प्रभारी से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी साझा की और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान यह भी सामने आया कि क्षेत्र में पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन टाटा स्टील या जुस्को प्रबंधन ने कभी कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि मृतक परिवार को उचित मुआवजा और घायलों को सहायता नहीं मिली, तो पार्टी टाटा स्टील के उच्च अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी और एफआईआर दर्ज कराएगी।
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के साथ महेन्द्र पांडेय, अतुल गुप्ता, मुन्ना मिश्र, अंसार खान, शमशेर खान, राजा ओझा, रवि करुवा, राजकुमार वर्मा, अरुण बारीक, प्रवीण महानंद, एसपी सिंह, पवन कुमार, रंजीत दास और सुनील कुमार सहित कई कांग्रेसी नेता शामिल थे। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर आंदोलन की भी चेतावनी दी है और मृतक परिवार को न्याय दिलाने की बात दोहराई है।
Read also Jamshedpur Crime: होटल एल डोराडो के कमरे में मिली युवती की लाश, अपराध का अड्डा बना आमबगान इलाका

