नई दिल्ली : Team India Welcome: टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम की स्वदेश वापसी हो चुकी है। आज सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद टीम का काफिला होटल आईटीसी मौर्य पहुंचा। भारतीय टीम की एक झलक देखने के लिए कई फैंस दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले ही पहुंच गए थे। वहीं टीम इंडिया जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर निकली तो फैंस भी इंडिया-इंडिया… के नारे लगाते हुए नजर आए।

Team India Welcome: फैंस का लगा एयरपोर्ट के बहार जमावड़ा
वर्ल्ड कप जीतने के बाद 3 दिन से बारबाडोस में फंसी टीम इंडिया भारत लौट चुकी है। वहीं भारतीय टीम के स्वागत के लिए फैंस का जमावड़ा दिल्ली हवाई अड्डे के बाहर देखने को मिला। एयरपोर्ट में फैंस अपने चहेते क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। दसके साथ ही वे सुबह 5 बजे से ही इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टीम के स्वागत के लिए जमा हो गए थे। 17 सालों का उनका इंतजार आज खत्म हो गया। भारत ने इससे पहले 2007 में तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टी-20 विश्वकप का खिताब जीता था।
Team India Welcome: होटल पहुंची टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट टीम एयरपोर्ट से होटल पहुंच गई है। टीम के होटल पहुंचने से पहले ही वहां तमाम फैंस मौजूद थे। फैंस ने होटल के गेट पर रोहित और बाकी सारे क्रिकेटर्स का उत्साह के साथ स्वागत किया। वहीं होटल में भारतीय टीम के लिए स्पेशल केक बनाया गया। होटल आईटीसी मौर्या के एक्जीक्यूटिव शेफ शिवनीत पहोजा ने बताया कि टीम इंडिया के लिए खास केक बनाया गया है। यह केक टीम की जर्सी के रंग में है। इसका हाईलाइट टी-20 ट्रॉफी है। देखने में यह असली ट्रॉफी की तरह है, लेकिन यह चॉकलेट से बना है। विजेता टीम के स्वागत के लिए यह केक बनाया गया है।
Team India Welcome: प्रधानमंत्री मोदी से मिलेगी भारतीय टीम
एयरपोर्ट से होटल पहुंच चुकी टीम इंडिया के शेड्यूल में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं अब टीम इंडिया पीएम मोदी से 10 से 12 बजे के बीच मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टीम इंडिया की मीटिंग पीएम ऑफिस में हो सकती है, जो पहले प्रधानमंत्री आवास पर होनी थी। इसके बाद इंडियन टीम मुंबई के लिए रवाना होगी।
वहीं फिर दिल्ली में पीएम मोदी से मिलने के बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि मुंबई में एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पूरी टीम विश्वकप की ट्रॉफी के साथ खुली बस में नगर भ्रमण पर निकल सकती है, जहां उन्हें सभी क्रिकेट फैंस देख सकेंगे। हालांकि इसको लेकर अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। वहीं आपको बता दें कि जिस फ्लाइट से टीम इंडिया को वापस भारत लाया गया है उस एयर इंडिया की स्पेशल चार्टर्ड फ्लाइट का नाम ‘एयर इंडिया चैंपियंस 24 वर्ल्ड कप’ रखा गया है।

