श्रीनगर :Terrorist Attack in Jammu Kashmir Live: जम्मू के रियासी में रविवार को श्रद्धालुओं की बस पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। आतंकी हमले में मारे गए लोगों में चार राजस्थान के रहने वाले हैं। आतंकी हमले के शिकार हुए ये लोग जयपुर के चौमूं के रहने वाले थे। ये पांच लोग साथ में धार्मिक यात्रा पर गए थे। आतंकी हमले में इनमें से चार की मौत हो गई। इनमें दो साल का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हमले में राजस्थान के लोगों के मारे जाने की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने जम्मू-कश्मीर और गृह मंत्रालय से संपर्क साधा है।

जानकारी के अनुसार, आतंकी हमले में मारे गए चौमूं के लोगों में ममता सैनी, पूजा सैनी, राजेंद्र प्रसाद पांडे और दो साल का मासूम टीटू सैनी शामिल है। इनके साथ एक और अन्य व्यक्ति भी था। वह सुरक्षित बताया जा रहा है। हमले में राजस्थान के लोगों की मौत की सूचना की पुष्टि होने के बाद सीएमओ हरकत में आ गया। उसने तत्काल जम्मू-कश्मीर और गृह मंत्रालय से संपर्क साधा है। सीएमओ इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
Terrorist Attack in Jammu Kashmir Live: आतंकियों ने किया यात्रियों से भरी बस पर हमला
आतंकियों ने बस पर पोनी इलाके के तेरयाथ गांव में हमला किया। बस जैसे ही जंगल के इलाके में पहुंची, घात लगाए बैठे आतंकियों ने बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आतंकियों की गोलीबारी से घबराए ड्राइवर ने बस पर अपना नियंत्रण खो दिया और बस खाई में जा गिरी। फिलहाल सेना की ओर से बचाव अभियान जारी है।
Terrorist Attack in Jammu Kashmir Live: हमले पर साय का एक्स पर पोस्ट
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने नाराजगी जताते हुए हमले की निंदा की है। एक्स पर उन्होंने पोस्ट किया है कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शिव खोड़ी मंदिर से तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए आतंकी हमले में 10 लोगों के निधन की दुखद खबर आ रही है। हमले में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। इसके साथ ही आतंकियों द्वारा किया गया यह कायराना हमला अत्यंत ही निंदनीय है, इसकी कड़ी भर्त्सना करता हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
Read Also-अनंतनाग में आतंकवादियों ने गैर-कश्मीरी व्यक्ति को मारी गोली

