
Jamshedpur : सैरात बाजारों की दुकानों का किराया बढ़ा कर जेएनएसी फंस गई है। इसे लेकर दुकानदारों ने एक मांग कर दी है। इस मांग के जरिए दुकानदारों ने जेएनएसी से पूछा है कि उन्होंने किराया वृद्धि किस नियम के तहत और राज्य के किस अधिकारी के आदेश पर की है। या फिर जेएनएसी ने मनमाना रवैया अख्तियार करते हुए किराया बढ़ा दिया है। इस सवाल का जवाब जेएनएसी के अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं। ऑल मार्केट एसोसिएशन के अधिकारी जब भी इस सवाल का जवाब लेने जेएनएसी के कार्यालय जाते हैं तो वहां से अधिकारी गायब हो जाते हैं। अधिकारी पदाधिकारियों से मिलने में कतराने लगे हैं। यही नहीं, अधिकारियों की तरफ से फोन भी रिसीव करने में आनाकानी की जाती है।
इस सवाल का जवाब नहीं मिलने पर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने आंदोलन का एलान कर दिया है। पदाधिकारियों ने मंगलवार को जेएनएसी के सामने महाधरना शुरू किया है। इस महाधरना में जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के महासचिव नसीम अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद हैं। इस मौके पर एसोसिएशन के महासचिव नसीम अंसारी ने बताया कि जेएनएसी ने मनमाने तरीके से दुकानों का किराया बढ़ा दिया है। वह यह नहीं बता पा रहे हैं कि यह किराया वृद्धि किस आदेश के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि उनकी छोटी सी मांग है कि जेएनएसी उन्हें यह जानकारी दे दे कि किराया वृद्धि किस विभाग या अधिकारी के आदेश से हुई है। वह आदेश दुकानदारों को दिखा दे। इससे दुकानदार संतुष्ट हो जाएंगे।
संगठन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू का कहना है कि साकची समेत तमम सैरात बाजारों में काफी समस्या है। जेएनएसी इन समस्याओं का निदान नहीं कर पा रही है। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदार जगह घेरे रहते हैं। इससे काफी दिक्कत हो रही है। ग्राहकों के आने-जाने के रास्ते बाधित कर दिए गए हैं। उन्होंने मांग की है कि जेएनएसी साकची बाजार से फुटपाथ दुकानदारों को हटाए।
गौरतलब है कि जेएनएसी ने सैरात दुकानों के किराए में कई गुना बढोतरी कर दी गई है। दुकानदारों का आरोप है कि जेएनएसी ने यह किराया वृद्धि करते समय किसी दुकानदार या उनके संगठन को इसकी जानकारी तक नहीं दी है। इसी के विरोध में दुकानदार आंदोलनरत हैं।

