
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर चातोमउली के समीप एक दुर्घटना घटित हुई है, जिसमें जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के खाद्यान्न से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि वाहन चालक ने वक्त रहते समझदारी दिखाते हुए नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। इस घटना के कारण सड़क मार्ग पर चावल के बोरिया बिखर गए और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीडीएस का राशन का चावल लोड किया गया था, जिसे गोइलकेरा स्थित स्टेट फूड कॉर्पोरेशन (राज्य खाद्य निगम) के गोदाम से उठाकर खजुरिया पहुंचाया जा रहा था। जब वाहन गोइलकेरा से खजुरिया की ओर जा रहा था, तभी चातोमउली अंतर्गत दीरीबाटी क्षेत्र में ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। यह सड़क हादसा दोपहर तकरीबन 3:30 बजे कि है।
प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय निवासियों का कहना है कि दीरीबाटी के पास मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। इस रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ का साम्राज्य है, जिसकी वजह से यहां आए दिन सड़क हादसे होना आम बात हो गई है। इसी खस्ताहाल सड़क के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और ट्रॉली पलट गई। हादसे की चपेट में आने से चावल के कई बोरे सड़क के किनारे स्थित झाड़ियों में जा गिरे।
जिससे यातायात ठप हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के सहयोग से ट्रॉली को रास्ते से हटाने और बिखरे हुए चावल की बोरिया को समेटने का कार्य किया जा रहा है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक घटनास्थल पर पहुंच गया और मार्ग पर सुचारू आवागमन बहाल करने के लिए मशक्कत में जुट गया है। वहीं, स्थानीय जनता ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस जर्जर मार्ग का अतिशीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

