
बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ग्रामीणों को हो रही परेशानी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन
रांची : बुंडू अंचल के छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के कॉलम में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज होने का मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंचा है। सोमवार को मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उनसे मुलाकात कर ऑनलाइन खतियान में दर्ज जाति के नाम में सुधार कराने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बुंडू अंचल के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम का गलत अंकन होने से संबंधित ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खतियान में ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ दर्ज होने के कारण ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों सहित अन्य मामलों में भी दिक्कतें हो रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से ऑनलाइन खतियान में आवश्यक सुधार कराते हुए जाति के कॉलम में ‘स्वासी’ की जगह ‘मुंडा’ दर्ज कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान तमाड़ के विधायक विकास मुंडा भी मौजूद थे।

