
रांची: सुबह के शांत वातावरण में बच्चे स्कूल के लिए निकले थे। तब किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों बाद रांची की एक पॉश कॉलोनी का माहौल किसी फिल्मी एक्शन सीन में बदल जाएगा। मामला राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर का है, जहां पलामू के पूर्व सांसद घूरण राम के फ्लैट में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए घुसपैठ कर दी। लेकिन उनकी ये चालाकी धरी की धरी रह गई और घर वालों की सूझबूझ ने उनका खेल बिगाड़ दिया।
घटना मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे की है। पूर्व सांसद के बेटे विकास का परिवार उस समय घर पर ही था। जैसे ही घर के लोग बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वापस लौटे, उन्हें अंदर किसी अनहोनी का अहसास हुआ। घर के कमरों में आहट मिलते ही माजरा समझते देर नहीं लगी। परिवार ने बिना घबराए तुरंत शोर मचा दिया, जिससे आसपास के स्थानीय लोग भी तुरंत मौके पर आ गए।
जनता के जागते ही चोरों के होश फाख्ता हो गए। भीड़ ने बिना देर किए दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, वह कानून के हाथ में खुद फैसला लेने की पुरानी तस्वीर को बयां करता है। पब्लिक ने चोरों की जमकर खातिरदारी की। इसी बीच, नामकुम थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खाकी वर्दीवालों ने भी स्थिति को संभालते हुए ‘हाथ साफ’ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
हादसे और पिटाई के इस ड्रामे के बीच एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। मार से बचने और खुद को बचाने के लिए एक चोर ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी के पैर ही पकड़ लिए। पुलिसवाले के चंगुल से छूटने के लिए उसकी यह मिन्नतें देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान था। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में किया और दोनों को अपने साथ थाने ले गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने जब इनकी कुंडली खंगाली, तो पूर्व सांसद की बहू का चोरी हुआ मोबाइल फोन एक संदिग्ध के पास से बरामद हो गया। नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इन चोरों के कुख्यात ‘गुलगुलिया गिरोह’ से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इनके बाकी साथियों और आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हो सके। सुबह-सुबह हुई इस घटना ने एक बार फिर से यह साबित कर दिया है कि सुरक्षा में जरा सी चूक कितनी भारी पड़ सकती है, हालांकि सतर्कता ने एक बड़ी वारदात को होने से बचा लिया।

