
Jamshedpur : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-3 में विजय गार्डेन के पास मिठाई दुकान और जिम में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने राहुल सामड (22) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को सकलदेव राम के लिखित आवेदन पर बिरसानगर थाना में कांड संख्या 70/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि अज्ञात चोरों ने जोन नंबर-3 स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स दुकान और टॉम जिम का ताला व शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान चोरी कर लिया।
मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल सामड को गिरफ्तार किया और एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया।
स्मार्टफोन, लैपटॉप और चोरी के औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक टाइटन कंपनी की कलाई घड़ी, एक लेनोवो लैपटॉप, एक एवररेडी टॉर्च, खजूर और चॉकलेट के पैकेट तथा कांसे की पूजा थाली बरामद की है। इसके अलावा ताला काटने का कटर, इलेक्ट्रिक कटर मशीन, प्लास, हथौड़ी, साबल, दो रेंच, दो पेचकस, ताला तोड़ने वाली रॉड और घटना में इस्तेमाल की गई चप्पल भी बरामद की गई है।
सीमेंट दुकान में चोरी से भी जुड़े तार
पुलिस की पूछताछ में जून 2026 में बिरसानगर के जोन नंबर-4 स्थित एक सीमेंट दुकान में चोरी की घटना की जानकारी भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, उस दुकान से दो स्मार्टफोन और नकदी चोरी की गई थी। इस मामले में चोरी हुए दोनों स्मार्टफोन भी आरोपियों के पास से बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, राहुल सामड का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ टेल्को थाना में वर्ष 2020 में चोरी के प्रयास और वर्ष 2022 में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार, अनुसंधानकर्ता रामतबक्या कुमार सहित बिरसानगर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

