
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र स्थित पांडुकी गांव में आदिवासी ‘हो’ समाज के युवाओं के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले का मामला अब गरमाता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी मुंडा संघ के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक एसपी अमित रेणु से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और मझगांव थाना प्रभारी को निलंबित करने की पुरजोर मांग की है।
देशाउली स्थल के पास हुआ था विवाद
एसपी को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार यह पूरी घटना बीते 14 जुलाई की है। आरोप है कि पांडुकी गांव के देशाउली (धार्मिक स्थल) के समीप कुछ युवक शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे थे। जब स्थानीय आदिवासी युवाओं ने इसका विरोध किया, तो हुड़दंगियों ने उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया और गाली-गलौज की। इस हिंसक झड़प में आदिवासी समाज के कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। संगठन का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है।
थाना प्रभारी की कार्यशैली पर उठे सवाल
युवा महासभा ने मझगांव थाना प्रभारी की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि
* पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत को गंभीरता से सुनने के बजाय उनके साथ ही दुर्व्यवहार किया।
* पुलिस के इस रवैए के कारण आदिवासी समाज के बीच असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
* क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से फसल को नुकसान पहुंचाने, चोरी, मारपीट और सामाजिक तनाव की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस हर बार मूकदर्शक बनी रही।
संगठन की चेतावनी
अगर पुलिस ने दोषियों के खिलाफ जल्द और सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने की ये मुख्य मांगें
1. दोषियों के खिलाफ SC/ST अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
2. पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
3. मझगांव थाना प्रभारी की कार्यशैली की जांच कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और विभागीय कार्रवाई हो।
4. इलाके में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।इस ज्ञापन की प्रतिलिपि पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और कोल्हान प्रमंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक को भी उचित कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस दौरान एसपी से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से मानकी मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, केंद्रीय संयुक्त सचिव रवि बिरुली, जिलाध्यक्ष शेर सिंह बिरुवा, सचिव ऑयबन हेंब्रम, युवा संयुक्त सचिव सुरेंद्र पूरती, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पूरती, बांध विरोधी संघ के उपाध्यक्ष रेयांस सामड और सत्यब्रत बिरुवा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

