
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा, चक्रधरपुर और जगन्नाथपुर अनुमंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को विपत्तारिणी पूजा पूरी आस्था और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। मुख्य रूप से चाईबासा के सदर बाजार स्थित प्राचीन काली मंदिर एवं टुंगरी स्थित में श्री श्री काली मंदिर ट्रस्ट कमेटी के तत्वावधान में विशेष आयोजन किया गया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लग गया। पुरोहित परिमल गांगुली, दिव्येंदु राय, नाडु गोपाल राय और अनुप मुखर्जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ माता विपत्तारिणी की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इस अवसर पर महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और माता से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य व संकटों से रक्षा की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर ‘जय मां काली’ और ‘जय मां विपत्तारिणी’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
महाप्रसाद का वितरण और व्यवस्था
पूजा संपन्न होने के बाद शाम तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे पूरा अनुष्ठान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ।
कमेटी ने जताया आभार
इस पावन अवसर पर ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कामना की कि माता विपत्तारिणी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए। इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाने में मंदिर समिति के त्रिशानु राय, सचिव सुशांत राय, बिधुत राय सहित पूरे राय परिवार के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। जबकि टुंगरी में पुरुषोत्तम शर्मा ललित शर्मा , जितेंद्र मधेशिया, सुशील सिंह, अमित दधीचि, रितेश चिरानियां समेत अन्य सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।

