जमशेदपुर : मानगो में स्वर्णरेखा नदी के ऊपर बन रहे तीन किलोमीटर 400 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य रामनवमी जुलूस के दिन सोमवार को ठप रहेगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि रामनवमी जुलूस को लेकर श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो। ऐसा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किया जा रहा है। मानगो के डिमना रोड, मानगो चौक, न्यू पुरुलिया रोड और स्वर्णरेखा नदी पर फ्लाईओवर का निर्माणकार्य पूरी तरह रोक दिया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने इसके लिए कार्यकारी एजेंसी के जिम्मेदारों से बात कर ली है।
कार्यकारी एजेंसी को साफ कह दिया गया है कि रामनवमी जुलूस के दिन काम रोक दें। इसके लिए कंपनी रविवार की रात को तेजी से काम करेगी। यह काम सोमवार को सुबह तकरीबन 10 बजे तक जारी रहेगा। कार्यकारी एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि सोमवार को जितना काम होता उसे रविवार की रात को ही तेजी के साथ खींच लिया जाए ताकि पुल निर्माण की समय सीमा प्रभावित नहीं हो।

गौरतलब है कि 252 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मानगो में फ्लाईओवर निर्माण के लिए रात दिन काम चल रहा है। इसके निर्माण में 57 फाउंडेशन बनाए जाने हैं। इनमें से अधिकतर तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा पियर और पियर कैप बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह पुल 18 महीने में बन कर तैयार होना है। कहा जा रहा है कि अगले साल मार्च तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा।
फ्लाईओवर बनने के बाद जाम से मिलेगी निजात
मानगो में फ्लाईओवर बनने के बाद जाम से निजात मिलेगी। अभी मानगो के लोगों को रोज जाम झेलना पड़ रहा है। मगर, फ्लाईओवर बन जाने के बाद लोग मानगो और साकची के बीच आसानी से आना जाना कर सकेंगे। मानगो में फ्लाईओवर निर्माण की मांग कई साल से की जा रही थी। झामुमो सरकार में इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने का काम शुरू हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद जमशेदपुर आ कर इस फ्लाईओवर का शिलान्यास किया था। शुरुआत में इस फ्लाईओवर के निर्माण में काफी अड़चनें आईं। मगर, बाद में इसे दूर कर लिया गया और पिछले साल सितंबर से इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू हो गया।

