स्पेशल डेस्क: हर किसी का सपना होता है एक ऐसे शहर में रहना, जहां महंगाई कम हो और हमारी जरूरतें अच्छी तरह पूरी हो जाएं। दुनिया के ऐसे टॉप-10 सबसे सस्ते शहरों की सूची हाल ही में जारी की गई है। इसमें भारत के अहमदाबाद शहर का भी नाम शामिल है और पाकिस्तान के कराची का भी। वहीं, अक्सर दुनिया के महंगे शहरों की चर्चा होती है। क्या आपको पता है कि दुनिया में रहने के लिहाज से सबसे महंगे और सबसे सस्ते शहर कौन-कौन से हैं? ऐसे कौन से शहर हैं जहां कम कमाई वालों का गुजारा संभव नहीं है। ऐसे शहरों की एक लिस्ट सामने आई है।
महंगे शहरों में भारत के भी कई शहर
आपको बता दें कि भारत के सबसे महंगे शहरों में दिल्ली, चेन्नई, बैंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, सूरत, कोलकाता और पुणे माने जाते हैं। भारत के इन शहरों में अगर आपको रहना है तो जेब ढ़ीली करनी पड़ेगी। यानी यहां कम पैसे में गुजारा मुश्किल से होता है। वहीं भारत के सस्ते शहरों की बात करें तो अहमदाबाद शहर को सस्ते शहरों की लिस्ट में सातवें नंबर पर रखा गया है। हालांकि पाकिस्तान का कराची सस्ते शहर के मामले में अहमदाबाद से पहले है।
अब न्यूयार्क नहीं रहा सबसे महंगा, जानें कौन है सबसे महंगा
अब तक न्यूयार्क को दुनिया का सबसे महंगा शहर माना जाता था। इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट ने इसे लेकर एक सर्वे किया। सर्वे के हिसाब से दुनिया को दो सबसे महंगे शहर सिंगापुर और ज्यूरिख हैं। दोनों संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। वहीं जिनेवा और न्यूयार्क संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। हॉन्गकॉन्ग पांचवें नंबर पर है जबकि लॉस एंजलिस छठे नंबर पर है। पेरिस सातवें और कोपेनहेगन व तेल अवीव संयुक्त रूप से आठवें नंबर पर हैं। सैन फ्रांसिस्को का नंबर दसवां है। सिंगापुर अमेरिका के न्यूयार्क शहर से आगे निकल गया है। पिछले साल छठें स्थान पर था जो इसबार संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गया है। इजराइल के शहर तेल अवीव ने टॉप 10 में जगह बनाई है।
दुनिया के 10 सबसे महंगे शहर-
सिंगापुर
ज्यूरिख-
जिनेवा-
न्यूयॉर्क-
हांगकांग-
लॉस एंजिलिस-
पेरिस-
कोपेनहेगन-
तेल अवीव-
सैन फ्रांसिस्को-
जानें, दुनिया के सस्ते शहरों में कौन से शहर हैं शामिल
रैंकिंग के हिसाब से सस्ते शहरों का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। इस हिसाब से सीरिया की राजधानी दमिश्क सबसे सस्ता शहर रहा। जापान की राजधानी टोक्यो 23 स्थान गिरकर 60वें स्थान पर है। इसकी वजह कमजोर जापानी येन बताई जा रही है। ओसाका 27 स्थान गिरकर 70वें स्थान पर आ गया है।
इस साल की रैंकिंग में मुद्रा मूल्यों में उतार-चढ़ाव की वजह से फर्क पड़ा है इस वजह से अर्जेंटिना, ब्राज़ील, तुर्की और वेनेजुएला जैसे देशों में खर्च में काफी कमी आई है। पिछले साल वेनेज़ुएला में महंगाई दर 10 लाख प्रतिशत तक पहुंच गई थी जिसकी वजह से सरकार को नई मुद्रा शुरू करनी पड़ी थी। इस कारण यहां का काराकास शहर सस्ता शहर बन गया था।
भारत का अहमदाबाद और पाकिस्तान का कराची भी सस्ता
दुनिया के सबसे सस्ते शहरों की इस सूची में पर निगाह डालें तो छठे नंबर पर है पाकिस्तान का कराची और सातवें नंबर पर है भारत का अहमदाबाद। पाकिस्तान का सबसे बड़ा शहर कराची यहां का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र भी है। यहां रहने का खर्च भारत के बंगलुरू शहर से कम बताया जाता है। वहीं भारत के अहमदाबाद को यहां के कपड़ा उद्योगों के लिए जाना जाता है। ये भी दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में शुमार हो चुका है। यहां रहना भी बंगलुरू, मुंबई, हैदराबाद से काफी सस्ता है।

