Home » Dhanbad : मैथन डैम में नहाने के दौरान डूबे तीन युवक, दो के शव बरामद, एक की तलाश जारी

Dhanbad : मैथन डैम में नहाने के दौरान डूबे तीन युवक, दो के शव बरामद, एक की तलाश जारी

by Rohit Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : धनबाद के मैथन डैम में बुधवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन युवक डूब गए। ये सभी युवक धनबाद से घूमने आए थे और डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है।

मैथन डैम ट्रिप में हुआ हादसा

धनबाद के बरमसिया और नया बाजार इलाकों से आए छह दोस्तों का समूह मैथन डैम में घूमने आया था। शाम करीब 4 बजे, ये युवक डैम के तीन टावर के पास नहाने के लिए उतरे थे। नहाने के दौरान तीन युवक एक-एक करके गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे के बाद बाकी तीन दोस्त बिना किसी को जानकारी दिए वापस धनबाद लौट गए।

परिजनों को ऐसे मिली जानकारी

जब डूबे हुए युवकों के घर नहीं लौटने पर उनके परिजनों ने बाकी दोस्तों से पूछताछ की, तो शुरुआत में किसी ने कुछ नहीं बताया। बाद में एक युवक ने स्वीकार किया कि तीन दोस्त डैम में डूब गए हैं। इसके बाद परिजन तुरंत मैथन पहुंचे, जहां घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय प्रशासन और लोगों ने खोजबीन शुरू कर दी।

मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन, सीओ कृष्ण मरांडी, सीआईएसएफ के जवान और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अंधेरे के कारण अभियान को रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।

शवों की बरामदी और तीसरे की तलाश

गुरुवार सुबह 10:00 बजे युवराज सिंह का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया, जबकि 10:15 बजे जयद हुसैन का भी शव बरामद किया गया। तीसरे युवक, नयाब गदी की तलाश जारी है।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद युवकों की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि ने प्रशासन के प्रयासों का समर्थन करते हुए कहा कि घटनास्थल पर कार्रवाई के लिए प्रशासन पूरी तरह से तत्पर था, हालांकि रात होने के कारण कुछ दिक्कतें आईं। सीओ कृष्ण मरांडी ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन में जुट गए।

Read Also- पति छोड़, चार बच्चों को लेकर इंस्टाग्राम दोस्त संग भागी पत्नी!, गोरखपुर में मचा हड़कंप

Related Articles