
Jamshedpur News : सावन माह में भगवान शिव के जलाभिषेक की परंपरा को निभाते हुए टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। यूनियन कार्यालय परिसर से सुबह सात बजे कोच बस के माध्यम से निकले श्रद्धालुओं ने “बोल बम” के जयघोष के साथ अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत की।
सुल्तानगंज से कांवर में जल लेकर करेंगे पैदल यात्रा
यूनियन के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा में यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी सदस्य, आर.के. सिंह फैंस क्लब के सदस्य सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हैं। श्रद्धालु गेरुआ और सफेद वस्त्र धारण कर पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ रवाना हुए।
कंपनी और मजदूरों की सुख-समृद्धि के लिए होगी प्रार्थना
यूनियन के महामंत्री आरके. सिंह ने कहा कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक विशेष धार्मिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यूनियन के सदस्य हर वर्ष मजदूर भाइयों, उनके परिवारों और कंपनी की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि की कामना के साथ यह पैदल यात्रा करते हैं। उनका विश्वास है कि भगवान शिव का आशीर्वाद सभी को सही मार्गदर्शन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
जेएन टाटा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देकर शुरू की यात्रा
बाबा धाम के लिए रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने उद्योग जगत के अग्रणी स्वर्गीय जेएन टाटा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद धार्मिक यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
पूर्व अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते भी यूनियन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय, सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

