सूरत: कई बार ऐसी घटनाएं सामने हाती हैं जो हैरत में डाल देती हैं कि क्या ऐसा भी हो सकता है। गुजरात के सूरत शहर में एक हैरान कर देने वाले मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी ही चार उंगलियां काट डालीं। ऐसा उसने इसलिए किया क्योंकि वह अपने रिश्तेदार की हीरा कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी नहीं करना चाहता था।

क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?
सूरत पुलिस ने बताया कि मयूर (32) नामक युवक ने अपनी इस हरकत से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। उसने पहले दावा किया था कि वह सड़क किनारे बेहोश हो गया था और जब होश आया तो उसकी उंगलियां कटी हुई थीं। लेकिन पुलिस की गहन जांच के बाद सच्चाई कुछ और ही सामने आई।
इसलिए उठाया खौफनाक कदम
मयूर ने पुलिस को बताया कि वह वराछा मिनी बाजार स्थित कंपनी अनभ जेम्स में लेखा विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। लेकिन वह इस नौकरी से खुश नहीं था और इसे छोड़ना चाहता था। हालांकि, अपने रिश्तेदार को यह बताने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसलिए उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया ताकि वह इस नौकरी के लिए अयोग्य हो जाए।
पुलिस को बताई कुछ और कहानी
मयूर ने पुलिस को बताया था कि 8 दिसंबर को वह मोटरसाइकिल से अपने दोस्त के घर जा रहा था, तभी उसे चक्कर आया और वह अमरोली में वेदांत सर्कल के पास रिंग रोड पर बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां कटी हुई थीं।
लेकिन पुलिस को इस बात पर शक हुआ और उन्होंने मामले की गहनता से जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मयूर ने सिंगनपुर में चार रास्ता के पास एक दुकान से एक धारदार चाकू खरीदा था। उसने रात करीब 10 बजे अमरोली रिंग रोड पर जाकर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और चाकू से अपनी चार उंगलियां काट दीं। फिर उसने खून बहने से रोकने के लिए अपनी कोहनी के पास एक रस्सी बांध दी। इसके बाद उसने चाकू और उंगलियों को एक बैग में डालकर फेंक दिया।
पुलिस ने बरादम की कटी अंगुलियां व चाकू
पुलिस ने मयूर के बयान के आधार पर घटनास्थल से एक बैग बरामद किया जिसमें से उसकी तीन उंगलियां और एक चाकू मिला। पुलिस ने मयूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह घटना क्यों है चौंकाने वाली?
यह घटना इसलिए चौंकाने वाली है क्योंकि एक व्यक्ति अपनी इच्छा के विरुद्ध किसी काम को करने से बचने के लिए इतना बड़ा कदम उठा सकता है। यह घटना इस बात की ओर भी इशारा करती है कि आज के समय में लोग मानसिक तनाव से कितने अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

