
चाईबासा : विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, विरासत और संवैधानिक अधिकारों को लेकर अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस ने कांग्रेस भवन, चाईबासा में प्रेस-वार्ता की। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता सह महासचिव त्रिशानु राय ने किया। इसे राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई और जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने संबोधित किया।
भाजपा नेतृत्व पर निशाना
दीनबंधु बोयपाई ने कहा कि 9 अगस्त को पूरे देश में विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी अस्मिता और अधिकारों के पर्व के रूप में मनाया गया। लेकिन आदिवासी कल्याण के दावे करने वाली भाजपा के शीर्ष नेताओं ने इस दिन आदिवासी समाज को बधाई तक नहीं दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और जनजातीय कार्य मंत्री सहित भाजपा के 25 आदिवासी सांसदों में से 20 ने भी शुभकामना नहीं भेजी। साथ ही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम और गुजरात के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस अवसर पर आदिवासियों को बधाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बधाई का मामला नहीं है। सवाल उस सोच का है जिसमें भाजपा को आदिवासी सिर्फ चुनाव के वक्त याद आते हैं। वोट चाहिए तो सबसे आगे, चुनाव खत्म तो पहचान, सम्मान और अधिकार गायब।
“वनवासी” शब्द पर भी उठाया सवाल
दीनबंधु ने कहा कि एक तरफ जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों पर हमला हो रहा है, दूसरी तरफ आदिवासी समाज को वनवासी कहकर उनकी ऐतिहासिक पहचान को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। जब सत्ता के शीर्ष लोग और जनजातीय मंत्री खुद बधाई देना जरूरी नहीं समझते, तो आदिवासी क्षेत्रों के विकास, युवाओं के रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद कैसे करें।
कांग्रेस करेगी आंदोलन तेज
जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि आदिवासी समाज झारखंड की बुनियाद है। उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। कांग्रेस जल-जंगल-जमीन, पेसा कानून, पांचवीं अनुसूची, वनाधिकार, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाएगी। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस सिर्फ औपचारिकता नहीं है। यह इतिहास, संस्कृति और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का दिन है। आदिवासी अब सिर्फ भाषण नहीं, अधिकारों की ठोस गारंटी चाहते हैं। चुनाव में याद करना और बाद में नजरअंदाज करना अब नहीं चलेगा।प्रेस-वार्ता में जिला उपाध्यक्ष सुरेश सावैयां, प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह, प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप मौजूद थे।

