
Jamshedpur : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को बीएलओ के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चयनित मतदान केंद्रों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के चयनित मतदान केंद्रों के बीएलओ से सीधा संवाद किया गया। उपायुक्त ने क्षेत्र में किए जा रहे सत्यापन और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार करने और उसी के आधार पर घर-घर भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नजरी नक्शे के आधार पर परिवार वार फैमिली ग्रुपिंग की जाए तथा प्रत्येक मकान का वास्तविक अथवा नेशनल हाउस नंबर दर्ज किया जाए। इससे मतदान क्षेत्र के प्रत्येक परिवार और पात्र नागरिक का व्यवस्थित सत्यापन सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि बीएलओ केवल निर्धारित स्थान पर बैठकर काम करने तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से अपने क्षेत्र में भ्रमण कर प्रत्येक घर तक पहुंचें और मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें। भारत के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यकतानुसार फार्म 6 और फार्म 8 प्राप्त करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को बीएलओ के क्षेत्रीय भ्रमण तथा कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। जहां आवश्यकता हो, वहां बीएलओ को तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति की अवधि में नागरिक अपने नाम, विवरण या मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी त्रुटि के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम छूटा है या किसी विवरण में त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सुधार की प्रक्रिया पूरी कराएं।

