
Jamshedpur : थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में बारीगोड़ा स्थित सामुदायिक उच्च विद्यालय में रक्त विज्ञान एवं थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के महासचिव नरेंद्र कुमार और संयुक्त सचिव श्रीराम सिंह ने विद्यार्थियों को रक्त विज्ञान एवं थैलेसीमिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्त के महत्व, विभिन्न रक्त संबंधी विकारों तथा थैलेसीमिया के कारण, इसके प्रभाव और बचाव के उपायों के बारे में सरल भाषा में समझाया।

वक्ताओं ने कहा कि थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता इस आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारी के प्रभाव को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को बीमारी के बारे में वैज्ञानिक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराकर समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी एके श्रीवास्तव और वरिष्ठ शिक्षिका मीना पिंगुआ उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की।

