रांची : राजधानी रांची में सोमवार देर रात से मंगलवार अहले सुबह तक सड़कों पर डर का भयावह साया छाया रहा। काली कार की काली करतूत देखी गई। रातभर दो युवक मौत बनकर सड़कों पर घूमते रहे। कचहरी चौक से लेकर कांके रिंग रोड, तिलता चौक और मांडर तक आतंक मचा रहा। इस दौरान कचहरी चौक के पास एक किन्नर को कुचल दिया गया। वहीं बीच-बचाव करने आए लोगों भी पीटा।

एक छात्र को भी कुचलकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे अगवा करके रातू की ओर भाग निकले। फिर उसे सड़क के किनारे फेंक दिया। इतना ही नहीं, युवकों का पीछा कर रही पुलिस को भी कई बार कुचलने की कोशिश की गई। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस के वाहनों को दो बार टक्कर मारी और जवानों को कुचलने की कोशिश की गई। इस दौरान होमगार्ड का एक जवान प्रमोद राय घायल हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। फायरिंग कर उन दोनों उत्पातियों को न्यूट्रलाइज किया। फायरिंग में एक युवक को रीढ़ की हड्डी में गोली लगी। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान इश्तियाक अंसारी और गुरफान अंसारी के रूप में की गई है। गोली लगने से घायल इश्तियाक को मेडिका में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों आरोपी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इश्तियाक अंसारी के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इधर, इस घटना में घायल किन्नर और छात्र का भी इलाज चल रहा है।
कांके में घेराबंदी तोड़ी, बैरिकेटिंग उड़ाकर पार हो गए बदमाश
दरअसल, देर रात पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि काले रंग की एक गाड़ी में सवार दो युवक एक किन्नर को कुचलकर भाग निकले हैं। एक युवक को गंभीर हालत में साथ ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। सबसे पहले घायल किन्नर को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम ने संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू कर दी। इस बीच कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय को सूचना मिली कि काली कार को कांके रिंग रोड पर देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें कांके की ओर दौड़ीं। पुलिस ने तुरंत कार को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई। कार को भी खोज लिया गया। लेकिन, बदमाश युवकों ने गाड़ी नहीं रोकी। बैरिकेडिंग को उड़ाकर पार हो गए। पहली बार यहीं पर पुलिस को कुचलने की कोशिश की गई।

आखिरकार चलानी पड़ी गोली
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस की लगातार चेतावनी के बाद बदमाश गाड़ी नहीं रोक रहे थे। आम नागरिकों की जान पर खतरा बढ़ता देख पुलिस ने सख्त कदम उठाया। पुलिस ने कांके थाना क्षेत्र से लेकर मांडर थाना तक बदमाशों को दौड़ाया। इस दौरान मांडर थाना क्षेत्र के बक्शी गांव की ओर आगे बढ़ने पर काली बोलेरो दिखाई पड़ी। पुलिस ने गाड़ी को घेरकर बोलेरो में सवार दोनों युवकों को गाड़ी रोकने और सरेंडर करने की चेतावनी दी। इसके बावजूद युवकों ने पुलिस को कुचलने की कोशिश की। जान मारने के नीयत से धक्का मारा, जिससे एक जवान को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के पहियों को निशाना बनाकर गोली चलाई।
कार के पहिए में गोली लगने के बावजूद बदमाश न्यूट्रलाइज नहीं हुए। पुलिस फायरिंग में एक गोली चालक सीट पर बैठे युवक को लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर काली बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। कार में पुलिस की गोली के निशान भी देखे गए हैं। इधर, जिस युवक को गाड़ी में उठाकर ले जाने की सूचना थी, वो नागा बाबा खटाल के पास गंभीर हालत में मिला। उसकी पहचान कॉलेज छात्र बंटी कुमार के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में उसका इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहा है।
विवाद से शुरू हुई वारदात
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कचहरी चौक के पास दोनों आरोपियों का किन्नरों के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद बदमाशों ने किन्नर को उठाकर सड़क पर फेंक दिया। फिर गाड़ी स्टार्ट कर किन्नर के दोनों पैरों पर चढ़ा दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे छात्र बंटी कुमार को भी कुचल दिया। उसे गाड़ी की डिक्की में डालकर फरार हो गए। इसके बाद बंटी के दोस्तों ने ही डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। फिर पुलिस हरकत में आई।
Read Also: RANCHI NEWS: नगर निगम की टीम ने दो भवनों का किया निरीक्षण, मिली ये गड़बड़ी

