Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के करीब राखा माइन्स रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रेलवे ने मान ली है। शनिवार की रात से राखा माइन्स रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। शनिवार को यह ट्रेन राखा माइन्स स्टेशन पर रुकी। इस पर यात्री चढ़े। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस ट्रेन को यहां से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कई साल से उठ रही थी राखा में उत्कल एक्सप्रेस रोकने की मांग
उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18477 पुरी से चलकर योग नगर ऋषिकेश तक जाती है। कई महीनों से लोग मांग कर रहे थे कि उत्कल एक्सप्रेस राखामाइन्स रेलवे स्टेशन पर भी रुके। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस मामले में रेलवे के अधिकारियों से बात भी की थी।
अब यह मांग पूरी होने पर इलाके के लोगों में काफी खुशी है। इस मौके पर हुए कार्यक्रम में खड़गपुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीष गोयल वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार आदि मौजूद रहे।
इलाके के यात्रियों को धार्मिक व पर्यटन स्थल तक मिली रेल कनेक्टिविटी
सांसद विद्युत वरण महतो ने पत्रकारों से कहा कि उत्कल एक्सप्रेस के राखा माइन्स में ठहराव से यहां के यात्रियों को अब सीधे पुरी और ऋषिकेश तक की यात्रा में सुविधा मिलेगी। ऋषिकेश धार्मिक और पर्यटन स्थल भी है। रेलवे के अधिकारियों ने भी लोगों को बताया कि रेलवे बराबर यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए प्रयासरत है और उत्कल एक्सप्रेस के ठहरने से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए रेल कनेक्टिविटी मिल गई है।

