Home » युवती ने एसिड पीकर की आत्महत्या की कोशिश, दोस्त पर यौन शोषण व ब्लैकमेलिंग का आरोप

युवती ने एसिड पीकर की आत्महत्या की कोशिश, दोस्त पर यौन शोषण व ब्लैकमेलिंग का आरोप

Delhi News: पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट और यौन अपराधों से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

by Reeta Rai Sagar
Delhi girl attempts suicide by consuming acid in Vasant Kunj after sexual exploitation and blackmail
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, आपत्तिजनक तस्वीरों से कर रहा था ब्लैकमेल

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय युवती ने मानसिक तनाव में आकर एसिड पी लिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच में सामने आया है कि मोहल्ले के ही युवक मोहम्मद रिहान (25) ने शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया और फिर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करता रहा।

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट और यौन अपराधों से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

कैसे सामने आया मामला?

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने जानकारी दी कि 18 जून को वसंत कुंज (दक्षिण) थाने में स्पाइनल इंजरीज़ अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवती ने एसिड पी लिया है और उसकी हालत गंभीर है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलसी) प्राप्त की। हालांकि उस वक्त युवती बयान देने की स्थिति में नहीं थी। इसके बाद क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से एसिड की बोतल जब्त की गई।

ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न ने बढ़ाया तनाव

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि पीड़िता पिछले कुछ समय से मोहम्मद रिहान के व्यवहार को लेकर मानसिक तनाव में थी। घटना वाले दिन जब वह घर पर अकेली थी, तब उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। दोपहर करीब 4:45 बजे एक पड़ोसी ने उसे तड़पते देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हालत बिगड़ने पर युवती को दो दिन बाद सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

कुछ दिनों बाद पीड़िता की मां ने वसंत कुंज (दक्षिण) थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहम्मद रिहान ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे धमकियां देकर ब्लैकमेल करता रहा।

मां ने पुलिस को पीड़िता का मोबाइल फोन भी सौंपा जिसमें युवक की धमकियों और बातचीत की वॉयस रिकॉर्डिंग मौजूद थी।

तकनीकी जांच के बाद मिलीं पुख्ता जानकारी, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने पीड़िता के मोबाइल की तकनीकी जांच की, जिसमें ब्लैकमेलिंग से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलीं। इसके आधार पर 25 जून को एफआईआर दर्ज की गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रिहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि वह युवती को लगातार धमका और ब्लैकमेल कर रहा था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन है आरोपी मोहम्मद रिहान?

मोहम्मद रिहान दिल्ली के रंगपुरी पहाड़ी स्थित शंकर कैंप का रहने वाला है। वह फिलहाल बेरोजगार है और पहले एयरपोर्ट पर लोडिंग का काम करता था। उसके पिता भी मजदूर हैं।

डीसीपी गोयल ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और अभी जांच जारी है। पीड़िता की हालत में सुधार होते ही उसका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इसमें अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

Also Read: Sexual Exploitation : महिला से शारीरिक संबंध बनाकर 12 लाख ठगने वाला युवक गया जेल

Related Articles