
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय में चाईबासा-रांची रोड (एनएच 75 ई) पर गुरुवार को देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहारदा गांव के पास हुआ।
अंधेरे में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से चाईबासा की ओर आ रहे थे। देर रात अंधेरा के कारण अचानक सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक के सिर में गहरी चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दूसरे युवक को भी शरीर में कई जगह चोटें आई हैं।
जिला परिषद कर्मी ने पहुंचाई मदद
घटना के समय वहां से गुजर रहे चाईबासा जिला परिषद के कनीय अभियंता सत्यपति पार्थी और उनके साथियों ने घायलों को देखा। उन्होंने तुरंत दोनों को सड़क से उठाकर अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल चाईबासा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों का इलाज जारी है और एक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस कर रही फरार कार की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फरार कार और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रात में तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और अंधेरे में सावधानी बरतें।


