पटना: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने एक प्रेस वार्ता में खुलासा किया कि उन्हें वक्फ संसोधन विधेयक का समर्थन करने के बाद सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं। हुसैन ने कहा कि जब से मैंने वक्फ विधेयक का समर्थन किया है, तब से मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार धमकियां मिल रही हैं और मुझे निशाना बनाया जा रहा है।

शाहनवाज हुसैन समस्तीपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे, जहां उनसे पूछा गया कि वक्फ बिल के पास होने के बाद देश के कुछ हिस्सों में गुस्से और मिठाई बांटे जाने की खबरें आई हैं। इस पर हुसैन ने कहा कि वक्फ बिल एक अच्छा बिल है। कुछ लोग जान बूझकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों का किया खुलासा
हुसैन ने मीडिया को बताया कि “मुझे नहीं कहना चाहिए, लेकिन कह रहा हूं कि मेरे फेसबुक और ट्विटर पर बहुत सारी धमकियां दी जा रही हैं। मैं इन धमकियों से डरने वाला नहीं हूं और ना ही इन गालियों से मेरे मनोबल पर कोई असर पड़ेगा।” उनके अनुसार, यह केवल उनका व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि बीजेपी के कई अन्य नेताओं को भी इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
भ्रम फैलाने का आरोप
वक्फ संशोधन विधेयक पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कुछ लोग इस बिल को लेकर झूठा भ्रम फैला रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समय भ्रम फैलाया गया था। हुसैन ने उदाहरण देते हुए कहा कि सीएए के विरोध में बड़ी संख्या में अफवाहें फैलाई गई थीं, लेकिन इस कानून के लागू होने के बाद भी किसी भी मुस्लिम व्यक्ति की नागरिकता नहीं गई। उन्होंने यह भी कहा कि वक्फ बिल से मुस्लिम समुदाय को विशेष रूप से लाभ होगा, और इसमें किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
वक्फ बिल से मुसलमानों को होगा लाभ
शाहनवाज हुसैन ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर कहा कि यह विधेयक वक्फ बोर्ड की आमदनी में पारदर्शिता लाएगा और इसके जरिए गरीब मुसलमानों, विधवाओं और यतीमों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग वक्फ की जायदाद पर अवैध कब्जा जमाए बैठे थे, वे अब इस संपत्ति को लूट नहीं सकेंगे। इससे वक्फ संपत्तियों का सही उपयोग होगा और वह मुस्लिम समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लाभ में आएगा।
शाहनवाज हुसैन का राजनीतिक करियर
शाहनवाज हुसैन, बिहार के सुपौल से आने वाले बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उनका राजनीतिक करियर 1999 में किशनगंज से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद शुरू हुआ था। वाजपेयी सरकार में उन्हें राज्यमंत्री का पद मिला था और वह नागरिक उड्डयन मंत्री, कपड़ा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे हैं।
उन्होंने 2004 और 2014 के लोकसभा चुनावों में हार का सामना किया, लेकिन 2006 में भागलपुर उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बाद 2009 में भागलपुर से लोकसभा चुनाव जीते। शाहनवाज हुसैन ने बिहार सरकार में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। 2021 में उन्हें बिहार विधान पार्षद के रूप में निर्विरोध चुना गया और नीतीश कुमार के मंत्रालय में उद्योग मंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी गई।

