लखनऊ : प्रदेश में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 27 फरवरी यानी गुरुवार को राज्य में बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रह सकता है।

कई जिलों में गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर जैसे जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मथुरा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मुरादाबाद, अमरोहा जैसे अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
28 फरवरी और 1 मार्च को बारिश की संभावना
वहीं, 28 फरवरी को राज्य के दोनों हिस्सों में बारिश और बौछारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 1 मार्च को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है, साथ ही बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, 2 मार्च के बाद मौसम में सुधार हो सकता है और राज्य में मौसम साफ हो सकता है।
बीते कुछ दिनों से प्रदेश में दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का सामना किया जा रहा था, लेकिन इस बारिश के बाद ठंड बढ़ सकती है। लखनऊ में 27 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13.5℃ और अधिकतम तापमान 29.2℃ दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सभी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और बारिश के दौरान बिजली गिरने से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दी है।

