Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र के छोटाकोईता गांव से उत्पाद विभाग ने मिनी फैक्ट्री पकड़ी है। यहां 153 लीटर तैयार अवैध शराब, रैपर, स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतल, स्प्रिट समेत भारी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए चाईबासा उत्पाद निरीक्षक निर्भय सिन्हा ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर तांत नगर थाना अंतर्गत छोटाकोईता गांव में गुरुवार को उत्पाद विभाग की टीम छापामारी करने पहुंची। काफी खोजबीन के बाद एक पुराने खपड़ा वाले घर में अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री के रूप थी। यहां से 17 पेटी तैयार अवैध शराब, 153 लीटर अवैध शराब बनाने के लिए रखा स्प्रिट, खाली बोतल, ढक्कन, रैपर, स्टीकर आदि बरामद हुआ है।
अवैध शराब बरामद
सभी सामग्री को जब्त कर कार्यालय लाया गया। हालांकि, मिनी फैक्ट्री में कोई व्यक्ति नहीं मिला। लेकिन, उनके मालिक का पता लगाया जा रहा है जल्द ही उन पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चाईबासा जिले में किसी भी हालत में अवैध शराब का संचालन नहीं करने दिया जाएगा। विभाग पूरी तरह मुस्तैद है, आज जो अवैध शराब बरामद की गई है उन्हें बाजार में ही बेचा जाने वाले था और लोगों को पूरी तरह जहर पिलाया जाने वाला था। लोग थोड़े कम दाम के कारण गलत चीज का इस्तेमाल करने लगते हैं, जबकि इससे जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि आम ग्रामीणों से अपील भी है कि किसी प्रकार अवैध शराब बनाने खरीदने और बेचने की जानकारी मिलने पर तत्काल उत्पाद विभाग को इसकी जानकारी दें। ताकि, आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

