चाईबासा : बुधवार की रात चक्रधरपुर शहर के शीतला मंदिर निवासी मथुरा तांती के 24 वर्षीय पुत्र राज तांती की धारदार हथियार से मार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उक्त मामले में चक्रधरपुर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने हत्यारोपी पोटर्रखोली केबिन के पास रहने वाले रमेश जयसवाल के पुत्र गुड्डु उर्फ राहुल जयसवाल (19) को गिरफ्तार किया है। गुड्डू ने पोपड़हाता स्कूल भवन के पास राज तांती को मार डाला था। पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी बहामन टूटी ने गुरुवार की शाम चक्रधरपुर थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि गुड्डू के वार से घायल राज तांती भागते हुए शीतला मंदिर के पास पहुंचा था। यहां वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
वरीय अधिकारी के दिशा-निर्देश पर कार्रवाई शुरु की गई और घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज तलाश किए गए। इसमें गुड्डू उर्फ राहुल जयसवाल राज तांती पर हमला करते हुए देखा गया। इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। लेकिन, वह टाल-मटोल कर रहा था। जब उसे सीसीटीवी फुटेज के संबंध में बताया गया तो आरोप कबूला है। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे नाली से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
छीन लिया था आरोपी का मोबाइल
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना से एक दिन पहले राज ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर आरोपी का मोबाइल और मोटरसाइकिल छीनकर उसके साथ मारपीट की थी। उसे अपमानित भी किया था। इसी प्रतिशोध में आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर इस घटना को अंजाम दिया।
इधर, परिजनों के आरोप पर ब्राउन शुगर संबंधित मामले को लेकर पुलिस से जब पूछा गया तो उन्होंने सीधे इंकार कर दिया। बल्कि कहा कि राज तांती नशे का सेवन करता था। बिक्री संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं आरोपी का कोई पुराना मामला भी नहीं है। पुलिस ने यह भी बताया कि परिजनों द्वारा जिनके उपर आरोप लगाया है, उनसे भी पुछताछ होगी।
READ ALSO: RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: रांची नगर निगम की खबरें, देखें कौन सी खबर है आपके काम की

