Home » Chaibasa Health News : पोलियो से मुक्त होगा पश्चिमी सिंहभूम, जिला प्रशासन ने कस ली है कमर

Chaibasa Health News : पोलियो से मुक्त होगा पश्चिमी सिंहभूम, जिला प्रशासन ने कस ली है कमर

28 जून को 2.41 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक, 2,329 बूथों पर चलेगा विशेष अभियान,423 सुपरवाइजर किए गए हैं प्रतिनियुक्त

by Rajeshwar Pandey
West Singhbhum Polio Vaccination Campaign
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा: अब फोकस इस बात पर है कि पश्चिमी सिंहभूम में पोलिया का एक भी केस कभी न हो। राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस को सफल बनाने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से द्वितीय जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी और अभियान से जुड़े अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

आपसी समन्वय से हासिल होगा शत-प्रतिशत लक्ष्य

उपायुक्त मनीष कुमार ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखना सिर्फ स्वास्थ्य विभाग नहीं, बल्कि सभी विभागों और हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

2,329 बूथ, 423 सुपरवाइजर तैनात

बैठक में बताया गया कि 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। इस दिन जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,41,301 बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए जिलेभर में 2,329 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए 423 सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी बूथों पर प्रशिक्षित दल तैनात रहेंगे।

 

DC ने कहा-बूथ दिवस पर ही पूरा करें लक्ष्य

उपायुक्त ने कहा कि अभियान के पहले दिन यानी बूथ दिवस पर ही अधिकतम बच्चों को खुराक देकर लक्ष्य पूरा करने का प्रयास करें। कोई भी पात्र बच्चा छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए माइक्रोप्लान के अनुसार काम करें। आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, एएनएम और फील्ड कर्मी घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें।

दुर्गम क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति

उपायुक्त ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों और प्रवासी-घुमंतू परिवारों के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए ताकि हर बच्चे तक पहुंच हो सके। सभी प्रखंडों के पदाधिकारियों को बूथों का नियमित निरीक्षण, दलों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए। किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करें और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें।

‘हर बार दो बूंद’ जरूरी

उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को 0 से 5 साल के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ या आंगनबाड़ी केंद्र ले जाकर दो बूंद जीवनरक्षक खुराक जरूर पिलवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बच्चे को पहले खुराक मिल चुकी है, तब भी राष्ट्रीय अभियान के दौरान अतिरिक्त खुराक दिलाना जरूरी है, क्योंकि “हर बार पोलियो की दो बूंद” बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पश्चिमी सिंहभूम को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही यह अभियान सफल होगा।

प्रशासन ने की अपील- 28 जून को बच्चे को ले जाएं पोलिया बूथ

28 जून 2026 को अपने 0 से 5 वर्ष के हर बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाएं। हम सब मिलकर बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें और ‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर हमारी जीत रहे बरकरार’ के संकल्प को साकार बनाएं।

Read Also: Chaibasa News : छऊ नृत्य से राधा-कृष्ण, गणेश वंदना, आरती, वनदेवी और महिषासुर वध जैसे प्रसंगों को किया जीवंत

Related Articles

Leave a Comment