Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नगर परिषद चुनाव 2026 में मतदान संपन्न हो चुका है। अब 27 फरवरी को परिणाम आएगा। हालांकि, हर कोई जीत का दावा कर रहा है। दोनों जगह पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं ने अधिक वोटिंग की है। सभी मतपेटियों को कड़ी -सुरक्षा के बीच महिला कॉलेज, चाईबासा के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। यहां 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी।
चाईबासा में 11672 महिलाओं ने किया मतदान
चाईबासा नगर परिषद चुनाव में 36344 वोटरों में से 23300 ने वोट डाला है। वोट देने में महिलाएं आगे और पुरुष पीछे रहे। चुनावी आंकड़ों के अनुसार 11672 महिलाओं ने मतदान किया है, जबकि 11628 पुरुषों ने वोट डाले हैं। सबसे ज्यादा मतदान वार्ड कार्यकारिणी सह सामुदायिक भवन कुम्हार टोली नॉर्थ में 79.35 प्रतिशत हुआ है। सबसे कम संत जेवियर बालक प्राथमिक विद्यालय एक में 37.73 प्रतिशत मतदान हुआ है। चाईबासा में कुल 64.10 प्रतिशत मतदान हुआ।
चक्रधरपुर में 13132 महिलाओं ने किया मतदान
चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 45,226 मतदाताओं में से 26,236 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 13,103 पुरुष और 13,132 महिलाओं ने मतदान किया। इस तरह पुरुषों की तुलना में 29 अधिक महिलाओं ने मतदान कर उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की। चक्रधरपुर में वार्ड संख्या 5 स्थित रानी रसाल मंजरी मध्य विद्यालय वेस्ट पार्ट बूथ संख्या 2 पर 74.48 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 670 मतदाताओं में से 499 ने मतदान किया। जबकि, वार्ड संख्या 16 रेलवे मिश्रित उच्च विद्यालय ईस्ट पार्ट बूथ संख्या तीन में कुल 798 मतदाताओं में से 259 ने मतदान किया। चक्रधरपुर में कुल 57.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Read Also: रांची के कचहरी चौक पर किन्नरों के साथ मारपीट के बाद शुरू हुए विवाद ने पकड़ा तूल

