
चाईबासा : देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में गुवा अयस्क खदान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेल के विजिलेंस विभाग की ओर से राष्ट्रीय एकता और सत्यनिष्ठा का संदेश देने के लिए वॉकाथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (खदान) चंद्रभूषण कुमार ने सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाने के बाद हरी झंडी दिखाकर किया। वॉकाथन सेल गेट से शुरू होकर हिरजीहाटिंग और गुवा बाजार होते हुए खेल मैदान तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लगभग 6-7 किलोमीटर की दूरी तय की।
इस वॉकाथन में सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी, सीआईएसएफ गुवा इकाई के जवानों सहित स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सभी ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और ईमानदारी के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार सहित सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने कर्मचारियों को सरदार पटेल के जीवन, आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश को विश्व पटल पर अग्रणी स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का दिया संदेश
इस अवसर पर विजिलेंस विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विरेन्द्र सिंह, जीएम (खान प्रबंधक) सी.एन. कुमार, जीएम (पर्यावरण एवं भूविज्ञान) टी.सी. आनंद, जीएम (विद्युत) एस.एम.डी. इकबाल, डीजीएम अजीत कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (यांत्रिक) राजेंद्र कुमार, उप प्रबंधक (यांत्रिक) प्रशांत कुमार तथा डॉ. आलोक सहित सेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सीआईएसएफ गुवा इकाई के जवानों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

