स्पेशल डेस्क, जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से बुधवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दरअसल, 55 यात्रियों से भरी एक बस फिसलकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक की जानकारी के मुताबिक, कुल 36 लोगों की मौत को चुकी है, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अब इस हादसे से कुछ समय पहले का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के अस्सार इलाके में यह घटना हुई है।
किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी बस, छह की स्थिति नाजुक
बुधवार को यात्रियों से भरी बस किश्तवाड़ से जम्मू के लिए जा रही थी। बटोटो-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क पर जैसे ही बस पहुंची, तो फिसलकर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस में कुल 55 लोग सवार थे, जिसमें 36 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा इतना दर्दनाक था कि बस के भी परखच्चे उड़ गए। घायलों को निकालने के लिए एसडीआरएफ ने पुलिस के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या में अभी इजाफा हो सकता है, क्योंकि 6 की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। एसडीआरएफ की टीम जब घटनास्थल पहुंची, तो बस में फंसे शव देख हैरान रह गए। बस में फंसे लोगों को बस काटकर निकाला गया। हादसे में घायल हुए लोगों को किश्तवाड़ जिला अस्पताल और डोडा के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। बिगड़ती तबीयत देख कुछ लोगों को जम्मू एयरलिफ्ट किया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव का काम किया। बस बुरी तरह डैमेज हो गई थी, इसलिए इसे काटकर डेड बॉडी और घायलों को बाहर निकालना पड़ा।
घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख
इधर, इस दुर्घटना को लेकर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से पीड़ा हुई है। पीएमओ ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मृतकों के परिवारों के प्रति राजनेताओं ने जताई संवेदना
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जम्मू बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, डोडा बस हादसे के बारे में जानकर आहत हूं। स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मौके पर अधिकारी राहत बचाव के काम में जुटे हुए हैं। घायलों को अच्छी इलाज सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बोले-लगातार संपर्क में हूं
इस दुखद हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा ‘अस्सार क्षेत्र में बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद अभी जम्मू-कश्मीर के डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की। दुर्भाग्य से कुछ लोगों की मृत्यु हो गई। घायलों को आवश्यकता के अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में ट्रांसफर किया जा रहा है। अधिक घायलों को ट्रांसफर करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। मैं लगातार संपर्क में हूं।

