Jamshedpur : जमशेदपुर में रामनवमी महोत्सव की तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर केंद्रीय समिति ने साकची के उत्कल एसोसिएशन सभागार में एक मीटिंग की। समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में आए रामनवमी अखाड़ा समिति के लोगों ने केंद्रीय समिति के सामने अपनी समस्याएं रखीं। केंद्रीय रामनवमी समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि सभी समस्याओं को सूचीबद्ध कर लिया गया है। जिला प्रशासन के साथ जो मीटिंग होगी। उसमें इन समस्याओं को रखा जाएगा और सभी का समाधान कराया जाएगा। मीटिंग में सभी को बताया गया है कि डीजे पर कोई प्रतिबंध नहीं है। भ्रामक खबरों पर ध्यान ना दें। डीजे पर भड़काऊ गाने बजाए जाने पर रोक है। लोग डीजे पर धार्मिक गीत बजा सकते हैं।
163 लाइसेंसी और 12 गैर लाइसेंसी अखाड़े हुए मीटिंग में शामिल
इस मीटिंग में शहर के 163 लाइसेंसी और 12 गैर लाइसेंसी 18 समितियां के प्रतिनिधि आए थे। जमशेदपुर शहर के आसपास के ग्रामीण इलाकों परसुडीह, बागबेड़ा, गोविंदपुर आदि क्षेत्र के रामनवमी अखाड़ा समिति के प्रतिनिधियों ने साफ-सफाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर शहर में तो जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और टाटा स्टील यूआईएसएल साफ-सफाई करा देता है। लेकिन ग्राम पंचायत इलाके में सफाई के लिए कोई सुविधा नहीं है। इसलिए जिला प्रशासन रामनवमी को लेकर घाटों की सफाई का कोई इंतजाम करे।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट ना करें
केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने कहा कि सभी प्रतिनिधियों को भ्रामक खबरों से दूर रहना चाहिए। ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाले जा सकते हैं। हां डीजे पर किसी भी तरह का भड़काऊ गाना लगाने पर रोक है। ऐसा करने से सभी को बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से आहावन किया कि रामनवमी का पर्व सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। इसके लिए सभी को प्रयास करना है। सभी लोग सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट ना करें अफवाहों से दूर रहें।

