रांची : झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत की बिसात बिछने लगी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को अपने जनोपयोगी कार्यों पर भरोसा है तो भाजपा के नेता राज्य में परिवर्तन यात्रा कर सत्ता परिवर्तन की उम्मीद लगाए बैठे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी परिवर्तन यात्रा से गदगद हैं। उन्हें भरोसा है कि भाजपा की ओर से राज्यभर में आयोजित इस यात्रा के 12 दिनों के ऐतिहासिक सफर के बाद इसका परिणाम जनता और पार्टी के लिए भी सुखद होगा। आस जतायी है कि इस यात्रा से राज्य में सियासी बदलाव होगा।


परिवर्तन एक यात्रा भर नहीं, जनमानस की आवाज: मरांडी
सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर उन्होंने अपने अनुभव और उम्मीदों को साझा करते हुए कहा है कि परिवर्तन यात्रा 2 अक्टूबर को संपन्न हुई। यह सिर्फ एक राजनीतिक यात्रा नहीं थी, बल्कि यह झारखंड के जनमानस की आवाज़ थी। झारखंड की आत्मा का उद्घोष था। इस यात्रा में, आप सभी के साथ मिलकर मुझे यह एहसास हुआ कि झारखंड के लोग बदलाव की लहर को महसूस कर रहे हैं। लगभग 40 लाख लोगों ने इस यात्रा के दौरान हमारे साथ भागीदारी की, और अपनी आवाज़ को बुलंद किया।
हर किसी ने साझा किए अपने अनुभव
बाबूलाल के अनुसार यात्रा के दौरान हर कदम, हर गांव, हर चौपाल पर उन्होंने लोगों से मुलाकात की। उनके संघर्षों को जाना और उनके अपार धैर्य और जिजीविषा को महसूस किया। लोगों की उम्मीदों ने ही मुझे हर पल अपने लोगों के लिए संघर्ष करने का साहस दिया। झारखंड के हर वर्ग के लोगों ने अपनी बात रखी—महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, बुजुर्गों ने पेंशन ना मिलने की व्यथा सुनाई और युवाओं ने रोजगार के अभाव में अपने भविष्य को लेकर जो चिंता व्यक्त की, वह मेरी आत्मा को झकझोर गया।
दूसरे राज्यों में नहीं मिलता मेहनत का दाम, अपने राज्य में नहीं काम
बाबूलाल कहते हैं कि यात्रा के दौरान उन्होंने देखा कि कैसे इस राज्य के श्रमिकों और मजदूरों की मेहनत की कमाई दूसरे राज्यों में नहीं मिलती। उनके अपने राज्य में भी उन्हें काम के लिए संघर्ष करना पड़ता है। सरकारी कर्मचारियों ने बताया कि बड़े अफसरों के दबाव में उन्हें राज्य के संसाधनों को लूटने पर मजबूर किया जाता है। यही नहीं, बांग्लादेशी घुसपैठियों के द्वारा हमारी सभ्यता और संस्कृति पर जो हमला हो रहा है, वह हमारी जड़ों को हिला रहा है। गांव-गांव में ये घुसपैठिये हमारी बहन-बेटियों को छल कर हमारे संसाधनों और हमारी पहचान को मिटाने का प्रयास कर रहे हैं।
बनाएंगे पूर्वजों के सपनों का झारखंड
लेकिन इस यात्रा के दौरान, आप सबके चेहरों पर उम्मीद की जो झलक मैंने देखी, वह मेरे भीतर एक नई ऊर्जा भर देती है। झारखंड की जनता की यह जिजीविषा, यह अदम्य साहस, मुझे यकीन दिलाता है कि परिवर्तन अब दूर नहीं। भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता, हर नेता आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हम राज्य में सत्ता परिवर्तनन के लिए दिन-रात एक करेंगे, और एक ऐसा झारखंड बनाएंगे, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था। बाबूलाल ने लोगों को वचन देते हुए कहा है कि एनडीए सरकार आपके संसाधनों, आपकी संस्कृति, और आपके अस्तित्व पर हो रहे हर हमले को रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध होगी।
बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए उठाएंगे ठोस कदम
बांग्लादेशी घुसपैठियों को उनकी जगह दिखा कर आदिवासियों के हक को वापस दिलाएगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का निर्माण करेगी, और हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएगी। हमारी पहली कैबिनेट बैठक में ही हम आपके जीवन से जुड़ी प्रमुख समस्याओं का समाधान करेंगे। यह परिवर्तन यात्रा एक शुरुआत है। अब हमें इस संकल्प को एक आंदोलन में बदलना है। झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना है। हमारे पूर्वजों ने जिस झारखंड की कल्पना की थी, वह एक न्यायप्रिय और आदिवासियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध राज्य था। यह वादा है कि हमारी नीतियों और फैसलों में झारखंड के हर व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित होगा। झारखंड की रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा हमारा सर्वोपरि उद्देश्य है।
परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए थे दिग्गज, मोदी के कार्यक्रम से हुआ समापन
गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित परिवर्तन यात्रा के क्रम में देशभर के भाजपा के कई दिग्गज नेता, केंद्रीय मंत्री, अलग अलग राज्यों के सीएम और अन्य विशिष्ट लीडर भी शामिल हुए थे। हजारीबाग में 2 अक्टूबर को इस यात्रा के समापन के मौके पर तो पीएम मोदी भी आए थे और यहां सरकार बदलने का आह्वान किया था। बाबूलाल ने कहा है कि पवित्र संकल्प के साथ, हम एक नया झारखंड बनाएंगे—एक ऐसा झारखंड, जो खुशहाल हो, आत्मनिर्भर हो, और अपनी संस्कृति, सभ्यता और सम्मान की रक्षा करने में सक्षम हो।
Read Also- प्रशांत किशोर: मोदी को बनाया हर घर का चेहरा, कांग्रेस के लिए बनाई रणनीति, कौन है ‘जन सुराज’ के PK

