रांची: मंगलवार को रांची नगर निगम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने बैठक की। जिसमें उन्होंने नगर निगम के द्वारा कराए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षात्मक की। उन्होंने कहा कि राजधानी की छवि सुधारने में रांची नगर निगम की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि निगम को सभी लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करना होगा। साथ ही भविष्य की जरूरतों का आकलन करते हुए योजनाओं को तैयार करना होगा। साथ ही कहा कि होल्डिंग टैक्स नहीं देने वाले बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।

टैक्स कलेक्शन पर दिया जोर
नगर विकास मंत्री ने निगम को स्वावलंबी बनाने के लिए टैक्स कलेक्शन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अपने कार्य संस्कृति में बदलाव लाना होगा। होल्डिंग टैक्स के भुगतान में बड़े बकाएदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर के सभी लॉज, हॉस्टल, कोचिंग सेंटर्स की असेसमेंट करते हुए समय पर टैक्स भुगतान को सुनिश्चित करें। उन्होंने नए साल में नागरिकों को टैक्स भुगतान में सहूलियत देने के लिए नए ऑफर्स लाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त संदीप सिंह ने नगर विकास मंत्री के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया। साथ ही कहा कि शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अपने प्रयास जारी रखेंगे।
इन बिंदुओं पर रहा फोकस
शहर के नागरिकों की शिकायतों का समय पर हो निष्पादन।राइट टू सर्विसेज के तहत कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएं।वेंडिंग जोन का विस्तार और निगम की निजी जमीन का सदुपयोग सुनिश्चित करें।शहर के सीवरेज ड्रेनेज कार्य और निगम स्तर के सभी सिविल वर्क्स को गुणवत्तापूर्वक पूरा करें।निगम बेहतर कार्यशैली के साथ नए संभावनाओं का आकलन करें और रांची की छवि के नागरिक सुविधाओं में सुधार करें।
इन विभागों की हुई समीक्षा
बैठक में 15वें वित्त आयोग, टाउन प्लानिंग, पीएमएवाई, लाइट, आईटी, डे-एनयूएलएम, ट्रांसपोर्ट, हेल्थ, जलापूर्ति और अन्य शाखाओं की भी समीक्षा।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में अपर प्रशासक फिलवियुस बारला, उप प्रशासक रविंद्र कुमार, गौतम प्रसाद साहू, निगम के सभी अभियंता, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, नगर निवेशक, नगर प्रबंधक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

