खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को एक ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये गिरफ्तारियां अफीम के खेत में काम कर रहे आरोपियों की हैं। गिरफ्तार आरोपितों में सायको थाना क्षेत्र के ग्राम रोंगों के ग्राम प्रधान सिमोन नाग, अड़की थाना क्षेत्र के मोसंगा गांव के बीरखोदर मुंडा और बुधु मुंडा शामिल हैं।
इसके अलावा, अफीम खेती से जुड़े पुराने मामलों में वांछित मुरहू थाना क्षेत्र के दो आरोपितों, ओदर ओड़ेया और दोचा ओड़ेया को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह जानकारी एसपी अमन कुमार ने शनिवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी।
अफीम की खेती नष्ट करने के लिए जागरूकता अभियान
एसपी ने बताया कि अफीम की अवैध खेती के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा 11 दिसंबर से शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक 1080.41 एकड़ क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों से नष्ट किया जा चुका है। इसके साथ ही, पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को इस समस्या के प्रति जागरूक किया है। कई गांवों में ग्रामीणों ने स्वेच्छा से लगभग 150 एकड़ में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया।
एसपी ने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीण खुद से अफीम की फसल को नष्ट करते हैं, तो उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, अगर पुलिस को अफीम की खेती नष्ट करने के लिए कदम उठाने पड़े, तो जमीन मालिकों और खेती करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि अफीम की अवैध खेती में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी स्तर का जनप्रतिनिधि क्यों न हो।

