- फर्जी आईडी से फ्रेंंड रिक्वेस्ट और मैसेज भेज कर की जा रही ठगी की कोशिश
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त अनन्य मित्तल की फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने लोगों को ठगने या गुमराह करने के उद्देश्य से यह नकली प्रोफाइल बनाई है। इस फर्जी फेसबुक अकाउंट में उपायुक्त की असली तस्वीर भी प्रयोग की गई है।

उपायुक्त की अपील-सतर्क रहें, रिपोर्ट और ब्लॉक करें
डीसी अनन्य मित्तल ने इस साइबर फ्रॉड को लेकर जिलेवासियों से सतर्क रहने और जागरूक बने रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को उनके नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट या कोई संदिग्ध संदेश (मैसेज) प्राप्त होता है, तो उसे तत्काल रिपोर्ट करें और ब्लॉक कर दें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, “मेरी ओर से कोई भी आर्थिक सहायता या मदद की मांग फेसबुक के माध्यम से नहीं की जाती है, इसलिए ऐसे किसी भी अनुरोध पर विश्वास न करें।”
बिष्टुपुर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिष्टुपुर साइबर थाना में आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उपायुक्त ने साइबर सेल को पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, “दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे साइबर अपराधियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
फर्जी फेसबुक अकाउंट से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें:
फेक आईडी में उपायुक्त अनन्य मित्तल की असली तस्वीर का इस्तेमाल
फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर विश्वास जमाने की कोशिश
संदिग्ध मैसेज के जरिए ठगी की साजिश
आम नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी अनुरोध पर बिना पुष्टि के प्रतिक्रिया न देने की सलाह

